दिल्ली के पर्यावरण मंत्री इमरान हुसैन ने राजधानी में प्रदूषण पैदा करने वाली जगहों-संस्थाओं के औचक निरीक्षण करने और उन पर तत्काल कार्रवाई करने के लिए गुरुवार को 6 सदस्यीय कमेटी का गठन किया। यह टीम सभी संवेदनशील जगहों पर औचक निरीक्षण करेगी और नियमों का उल्लंघन करते हुए पाए जाने पर जुर्माना भी लगाएगी।
सरकार से मिली जानकारी के अनुसार इस टीम में पुलिस विभाग के न्यूनतम एसीपी स्तर के अधिकारी, एसडीएम, पीडब्ल्यूडी से एक्जीक्यूटिव इंजीनियर, एमसीडी, एनडीएमसी और पर्यावरण से जुड़े अधिकारी शामिल होंगे।
जानकारी के मुताबिक दिल्ली में निर्माण संबंधी साइट्स पर रोक लगा दी गई है। इसके अलावा स्थानीय कूड़ा जलाने पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया गया है। ऊंची इमारतों से जल छिड़काव कर धूल को फैलने से रोकने की व्यवस्था चालू रखना अनिवार्य किया गया है। पर्यावरण मंत्री ने कहा है कि इन नियमों का उल्लंघन करने वाली संस्थाओं-व्यक्तियों पर जुर्माना लगाया जाएगा।