भाजपा रचनात्मक विपक्ष की भूमिका निभाएगी
भाजपा इस जनादेश को स्वीकारते हुए रचनात्मक विपक्ष की भूमिका निभाएगी और प्रदेश के विकास से जुड़े हर मुद्दे प्रमुखता से उठाएगी। इस विश्वास के साथ की आप की सरकार दिल्ली का विकास करेगी। अरविंद केजरीवाल और उनकी पार्टी को बधाई। -जेपी नड्डा, राष्ट्रीय अध्यक्ष-भाजपा
जनादेश का सम्मान
जनादेश का सम्मान करते हैं। अरविंद केजरीवाल व उनकी पार्टी को बधाई। भाजपा कार्यकर्ताओं के कड़ी मेहनत से भाजपा का वोट प्रतिशत बढ़ा है।
-हरदीप सिंह पुरी, केंद्रीय मंत्री
जनता के निर्णय का सम्मान
जनता के निर्णय का सम्मान करते हैं। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल व उनकी पार्टी को शुभकामनाएं। भाजपा एक रचनात्मक विपक्ष के रूप में लोगों की समस्याओं को आवाज देती रहेगी।
-प्रकाश जावड़ेकर, प्रदेश चुनाव प्रभारी
हार-जीत हमारे प्रयास को मात नहीं दे सकती
दो से 302 सीट के अपने सफर में भाजपा कार्यकर्ताओं ने यह सीखा है कि हार-जीत हमारे प्रयास और पुरुषार्थ को मात नहीं दे सकती। जनता सर्वोपरि है और देश की सेवा करना ही हमारा उद्देश्य है। सब मिलकर देश और दिल्ली के लिए निरंतर परिश्रम करते रहेंगे।
-प्रवेश वर्मा, भाजपा सांसद
जनता के काम को हमेशा प्रमुखता दी जाएगी
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उनके विधायकों को जीत की बधाई। विश्वास दिलाता हूं कि दिल्ली के विकास और जनता के काम को हमेशा प्रमुखता दी जाएगी।
-गौतम गंभीर, सांसद
दिल्ली को धन्यवाद
‘भारत की आत्मा को बचाने में खड़े होने के लिए दिल्ली को धन्यवाद।’
- प्रशांत किशोर
जहरीला अभियान नहीं चलेगा
‘जनता ने ‘आप’ को जनादेश दिया है। हम निराश नहीं हैं। सबसे बड़ा संदेश भाजपा को मिला है कि उसका जहरीला अभियान और बयान अब काम नहीं करेंगे। यही संदेश बिहार और देश के अन्य हिस्सों में भी जाएगा।’
- मनोज झा, राजद सांसद
नफरत की राजनीति के खिलाफ वोट
‘दिल्ली के लोगों ने भाजपा की नफरत की राजनीति के खिलाफ वोट किया। भाजपा चुनाव का ध्रुवीकरण करने में नाकाम रही।चुनाव के नतीजे देश के गरीबों, किसानों और युवाओं को विकास और समृद्धि के लिए वोट करने का संदेश देंगे।’
- अखिलेश यादव, सपा अध्यक्ष
वादे पूरा करने वालों को इनाम
‘ बधाई, अरविंद केजरीवाल। नफरत भरे भाषण और विभाजनकारी राजनीति करने वालों नेताओं को संकेत देना चाहिए, जो लोग अपने वादों को पूरा करते हैं, जनता उन्हें इनाम देती है।’
- ममता बनर्जी, मुख्यमंत्री, पश्चिम बंगाल
जनादेश स्वीकार, केजरीवाल को बधाई
‘हम दिल्ली चुनाव के नतीजों को स्वीकार करते हैं। दिल्ली के लोगों और अरविंद केजरीवाल को बधाई। हमने अपना सर्वश्रेष्ठ किया, लेकिन लोगों को समझा नहीं सके। मुझे उम्मीद है कि दिल्ली मुख्यमंत्री केजरीवाल के नेतृत्व में विकास करेगी।’
- गौतम गंभीर, भाजपा सांसद
भाजपा के दावों का क्या हुआ
‘हमें कांग्रेस के प्रदर्शन के बारे पता था, लेकिन भाजपा के लंबे चौड़े दावों का क्या हुआ? केंद्र सरकार में होने के नाते मोदी जी दिल्ली के मतदाताओं के करीब हैं, क्या जनता उनके काम से खुश है?’
- कमलनाथ, मुख्यमंत्री, मध्य प्रदेश
विभाजनकारी एजेंडे की हार
‘आप जीती, झांसा देने वाले और झूठ बोलने वाले हारे। दिल्ली के लोगों ने भाजपा के ध्रुवीकरण, बांटने वाले और खतरनाक एजेंडे को हराया। मैं दिल्ली के लोगों को सलाम करता हूं, जिन्होंने उन राज्यों के लोगों के लिए उदाहरण पेश किया, जहां 2021 और 2022 में चुनाव होने हैं।’
- पी. चिदंबरम, कांग्रेस
बदलाव की हवा का संकेत
‘दिल्ली ने देश में बदलाव की हवा का संकेत दिया है। नतीजे मेरे लिए चौंकाने वाले नहीं है। भाजपा ने एक बार फिर वोटों का ध्रुवीकरण करने के लिए सांप्रदायिक कार्ड खेला। यह चुनाव सिर्फ भाजपा और आप के बीच था। मैं केजरीवाल और आप को बधाई देता हूं।’
- शरद पवार, एनसीपी प्रमुख
आतंकी कहने वालों को सबक
‘दिल्ली का विकास करने वाले केजरीवाल को बधाई। लोगों ने उन्हें आतंकवादी कहने वालों को सबक सिखाया और क्षेत्रीय पार्टी की आवश्यकता को बरकरार रखा। लोगों ने दिखाया कि फासीवादी विचारधारा कभी लोगों का दिल नहीं जीत सकती।’
- एचडी कुमारस्वामी, पूर्व सीएम, कर्नाटक
विकास सांप्रदायिक राजनीति पर हावी
‘प्रचंड जीत के लिए आप को बधाई। यह दिखाता है कि विकास सांप्रदायिक राजनीति पर हावी है। देश हित में संघीय अधिकारों व क्षेत्रीय आकांक्षाओं को मजबूत होना चाहिए।’
- एमके स्टालिन, डीएमके नेता