लोकसभा चुनाव 2019 में प्रचंड बहुमत के साथ भले भाजपा के नेतृत्व वाला एनडीए केंद्र में दोबारा काबिज हुआ है, लेकिन राज्यों में उसकी हार का सिलसिला रुक नहीं रहा। मार्च 2018 में 21 राज्यों में एनडीए की सरकार थी जो अब सिमटकर 16 राज्यों में ही रह गई। 2019 लोकसभा चुनाव के बाद भाजपा केवल हरियाणा में सरकार बना सकी है। फिलहाल 12 राज्यों में विपक्षी दलों की सरकार है।
दिसंबर 2018 में मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान से शुरू हुआ भाजपा की हार का सिलसिला झारखंड में भी जारी रहा। महाराष्ट्र में सहयोगी शिवसेना के साथ स्पष्ट बहुमत मिलने के बावजूद सबसे बड़ी पार्टी भाजपा को विपक्ष में बैठना पड़ा।
भाजपा दफ्तर पर लगे पोस्टर, ‘हार से निराश नहीं होते’
चुनाव नतीजों के दिन भाजपा दफ्तर में लगे पोस्टरों ने सभी का ध्यान खींचा। गृहमंत्री अमित शाह की तस्वीरों के साथ लगे इन पोस्टर में लिखा था, ‘विजय से हम अहंकारी नहीं होते, हार से हम निराश नहीं होते।’ यह शायद दुर्लभ पोस्टरों में से एक है, जिसमें भाजपा ने हार की बात की है। दिल्ली चुनाव में भाजपा के जोरदार अभियान के पीछे अमित शाह की अहम भूमिका रही। दिल्ली में भाजपा के 200 से ज्यादा सांसदों, केंद्रीय मंत्रियों और कई मुख्यमंत्रियों ने प्रचार किया। भाजपा का मुख्य अभियान शाहीन बाग में सीएए विरोधी प्रदर्शन पर केंद्रित रहा था।