आईएनएक्स मीडिया मनी लांड्रिंग मामले में पूर्व वित्त मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी चिदंबरम के बेटे कार्ति चिदंबरम की मुश्किलें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। इसी क्रम में सोमवार को दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट ने कार्ति चिदंबरम के चाटर्ड अकाउंटेंट एस भास्करन को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेजा है।
बताते चलें कि कार्ति चिदंबरम के अकाउंटेंट को शुक्रवार (16 फरवरी) को गिरफ्तार किया गया था। जिसके बाद कोर्ट ने उन्हें पांच दिनों की प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की कस्टडी में भेजा था। गौरतलब है कि आईएनएक्स मनी लॉन्ड्रिंग मामले की सुनवाई के लिए सुप्रीम कोर्ट कार्ति चिदंबरम की अग्रिम जमानत याचिका पर 6 मार्च को सुनवाई करने के लिए सहमत हो गया है। हालांकि शीर्ष अदालत ने ईडी के उस समन पर रोक लगाने से इनकार कर दिया जिसमें कार्ति को 1 मार्च को केंद्रीय एजेंसी के समक्ष पेश होने के लिए कहा गया।
इससे पहले अदालत ने कार्ति को कहा था कि वह इस मामले में सक्षम प्राधिकरण के समक्ष आग्रह कर सकते हैं। चीफ जस्टिस दीपक मिश्रा, जस्टिस अमिताव रॉय और डीवाई चंद्रचूड़ की पीठ ने कहा कि वे इस मामले में 6 मार्च को सुनवाई करेगी। कार्ति की तरफ से वरिष्ठ वकील कपिल सिब्बल अदालत में मौजूद थे। सिब्बल ने ईडी की कार्रवाई को चुनौती देने के संबंध में समुचित तरीके से आवेदन करने के लिए अदालत से समय मांगा।
मालूम हो कि आईएनएक्स मीडिया को विदेशी निवेश संवर्द्धन बोर्ड से विदेशों से फंड प्राप्त करने में क्लीयरेंस संबंधी मामले में कथित रूप से अनियमितता का आरोप है। इस संबंध में पिछले साल 15 मई को मामला दर्ज किया गया था।