देश में विमान सेवाओं के दौरान गड़बड़ियों के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। इसी बीच, विमानन कंपनी गो एयर की एक और फ्लाइट मंगलवार को अपनी मंजिल तक नहीं पहुंच सकी। नागरिक उड्डयन महानिदेशालय ने इसकी जानकारी देते हुए कहा कि रनवे पर एक कुत्ते के आने के कारण लेह से दिल्ली जाने वाली गोएयर की फ्लाइट संख्या G8-226 टेक ऑफ नहीं कर सकी। मंगलवार को गो एयर के साथ ये तीसरी घटना थी। जब गो एयर की फ्लाइट अपने गंतव्य तक नहीं पहुंच सकीं। इसके पहले गो एयर की दो फ्लाइट्स के इंजन में खराबी आने की वजह से डायवर्ट कर दिया गया था।
दो फ्लाइट्स को किया गया डायवर्ट
इससे पहले मंगलवार को गो-एयर की दो विमानों में गड़बड़ी की खबर सामने आई थी। डीजीसीए ने मंगलवार को बताया कि गो एयर का एक विमान A320 फ्लाइट संख्या जी8-386 जो मुंबई से लेह के लिए जा रही थी उसे इंजन में खराबी के बाद दिल्ली डायवर्ट कर दिया गया था। बताया जा रहा है कि विमान के इंजन नंबर दो में खराबी देखी गई थी। वहीं, गो एयर की एक और विमान फ्लाइट संख्या जी8-6202 जो श्रीनगर से दिल्ली जाने वाली थी उसके भी इंजन नंबर दो में भी खराबी आने के बाद उसे श्रीनगर वापस कर दिया गया था। डीजीसीए का कहना है कि इन मामलों की जांच की जा रही है। दोनों विमानों के उड़ान पर फिलहाल रोक लगा दी गई है। डीजीसीए की ओर से क्लियरेंस मिलने के बाद ही दोनों विमान उड़ान भर सकेंगे।
तकनीकी खराबी के मामलों पर डीजीसीए सख्त
हाल के दिनों में यात्री विमानों में तकनीकी खराबी के चलते आपात लैंडिंग के मामलों जबरदस्त बढ़ोतरी देखी गई है। इसे लेकर नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने सख्ती दिखाई है। बताया गया है कि डीजीसीए के अफसरों ने हाल ही में कई फ्लाइट्स में स्पॉट चेकिंग की है। इसके साथ ही निर्देश जारी किए हैं कि किसी भी एयरलाइंस के विमान को बेस या एयरपोर्ट से तभी उड़ान भरने की इजाजत दी जानी चाहिए, जब उस संस्था लाइसेंस प्राप्त स्टाफ ने उसकी सुरक्षा को लेकर मंजूरी दे दी हो।
ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भी दिए निगरानी बढ़ाने के निर्देश
इससे पहले सोमवार को ही नागर विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भारतीय एयरलाइन कंपनियों के प्रमुखों के साथ सोमवार को बैठकें की और उनसे सुरक्षा निगरानी बढ़ाने को कहा। रिपोर्ट्स के मुताबिक, सिंधिया ने एयरलाइन कंपनियों से कहा कि सुरक्षा निगरानी बढ़ाने के लिए वे हर जरूरी कदम उठाएं। सिंधिया ने मंत्रालय और नियामक नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ रविवार को सुरक्षा मुद्दों पर बैठक की थी। इसमें उन्होंने अधिकारियों से बीते एक महीने की घटनाओं के बारे में विस्तृत रिपेार्ट मांगी और कहा कि यात्रियों की सुरक्षा को लेकर किसी तरह का समझौता नहीं किया जाना चाहिए।
एयर इंडिया एक्सप्रेस के विमान की हुई इमरजेंसी लैंडिंग
रविवार को ही इंडिगो के शारजाह-हैदराबाद विमान के एक इंजन में खराबी का पता चलने के बाद उसे एहतियाती तौर पर कराची की ओर मोड़ दिया गया था। इससे पहले, शनिवार रात को एयर इंडिया एक्सप्रेस के कालीकट-दुबई विमान को मस्कट भेजा गया था क्योंकि विमान में कुछ जलने की गंध आई थी। इससे एक दिन पहले एयर इंडिया एक्सप्रेस के बहरीन-कोच्चि विमान में जिंदा पक्षी मिला था।