‘ऑपरेशन सिंदूर’ का बदला लेना चाहते थे आतंकी
पूर्व बिहार मुख्यमंत्री और हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (सेक्युलर) के प्रमुख जीतन राम मांझी ने इस हमले को एक बड़ी साजिश बताया। गया में पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा आतंकियों की नजर काफी समय से दिल्ली पर थी। आज वे अपने मकसद में कामयाब हो गए। यह हमला ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का बदला लेने के लिए किया गया है।
CJI गवई ने जताई गहरी संवेदना
दिल्ली के लाल किले के पास हुए कार ब्लास्ट पर देशभर में शोक और आक्रोश का माहौल है। भारत के मुख्य न्यायाधीश बी. आर. गवई ने सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीशों और पूरे विधि समुदाय की ओर से पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और इस घटना पर गहरी चिंता जताई। सीजेआई गवई ने कहा सोमवार शाम दिल्ली में हुए कार ब्लास्ट में जान गंवाने वालों की मौत से हम सभी बेहद दुखी हैं। हम उन सभी परिवारों के प्रति गहरी संवेदना प्रकट करते हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है। हमारे विचार और प्रार्थनाएं सभी शोकग्रस्त परिवारों और घायलों के साथ हैं। हम आशा करते हैं कि राष्ट्र की सामूहिक संवेदना और एकजुटता उन्हें इस दुख की घड़ी में संबल प्रदान करेगी।
जांच में जुटी दिल्ली पुलिस, 100 से ज्यादा CCTV फुटेज खंगाले जा रहे
दिल्ली पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। CCTV फुटेज में संदिग्ध कार को पार्किंग एरिया में आते-जाते देखा गया है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक संदिग्ध कार में केवल एक व्यक्ति था। जांच दल दरियागंज की ओर जाने वाले रूट को ट्रेस कर रहे हैं और 100 से अधिक CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस ने यूएपीए, विस्फोटक अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
अमित शाह बोले- 'सभी संभावनाओं की जांच होगी'
गृह मंत्री अमित शाह ने बताया कि धमाका सोमवार शाम करीब 6:52 बजे लाल किला के पास सुभाष मार्ग ट्रैफिक सिग्नल पर खड़ी एक Hyundai i20 कार में हुआ। उन्होंने कहा 10 मिनट के भीतर दिल्ली पुलिस की स्पेशल ब्रांच और क्राइम ब्रांच मौके पर पहुंच गई। सभी संभावनाओं की जांच की जा रही है और परिणाम जनता के सामने रखे जाएंगे।
दिल्ली पुलिस कमिश्नर सतीश गोलचा ने बताया शाम 6:52 बजे के करीब एक धीमी रफ्तार वाहन लाल बत्ती पर रुका हुआ था। अचानक उसमें विस्फोट हुआ, जिससे आसपास के वाहन भी क्षतिग्रस्त हुए। सभी एजेंसियां मौके पर हैं। कुछ लोगों की मौत हुई है और कुछ घायल हैं।