आम आदमी पार्टी को एक बार फिर से प्रचंड बहुमत सुनिश्चित होने के बाद मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली की जनता का शुक्रिया अदा किया है। 'आप' की जीत के लगभग तय होने के बाद केजरीवाल ने मंगलवार को पार्टी कार्यालय से लोगों को संबोधित किया। पार्टी दफ्तर में कार्यकर्ताओं से मुखातिब होते हुए सबसे पहले अरविंद केजरीवाल ने भारत माता की जय और इंकलाब जिंदाबाद, वंदे मातरम के नारे लगवाए।
अरविंद केजरीवाल मतदान से पहले हनुमान मंदिर जाने को लेकर भाजपा नेताओं के निशाने पर थे। अब परिणाम आने के बाद उन्होंने इसका जवाब देते हुए कहा, 'आज भगवान हनुमान का दिन है जिन्होंने दिल्ली के लोगों को आशीर्वाद दिया है। हम प्रार्थना करते हैं कि हनुमान जी हमें सही रास्ता दिखाते रहें ताकि हम अगले पांच वर्षों तक लोगों की सेवा करते रहें।' हम दिल्ली वाले प्रभु से कामना करते हैं कि हमें शक्ति दे कि जैसे पिछले 5 साल हमने दिल्ली की सेवा की उसी तरह से हम सभी दो करोड़ लोग मिलकर अगले 5 साल एक अच्छी दिल्ली बना सकें।
अरविंद केजरीवाल ने सभी कार्यकर्ताओं का शुक्रिया अदा करते हुए कहा, 'सभी ने दिन रात मेहनत की। मेरे परिवार ने भी खूब मेहनत की। आज मेरी पत्नी का जन्मदिन भी है।'