दिल्ली विधानसभा चुनाव के दौरान हिंदुस्तान-पाकिस्तान मुकाबले वाला ट्वीट को लेकर भाजपा उम्मीदवार कपिल मिश्रा मुश्किल में फंसते नजर आ रहे हैं। पीटीआई ने सूत्रों के हवाले से कहा है कि चुनाव आयोग ने उनके खिलाफ एफआईआर के निर्देश दिए हैं।
निर्वाचन अधिकारी ने दिल्ली पुलिस को भाजपा उम्मीदवार कपिल मिश्रा के खिलाफ उनके भारत बनाम पाक ट्वीट के लिए एफआईआर दर्ज करने का निर्देश दिया है।
बता दें कि कपिल मिश्रा ने ट्वीट कर कहा था कि 8 फरवरी को दिल्ली की सड़कों पर हिंदुस्तान-पाकिस्तान का मुकाबला होगा। उनके इस ट्वीट पर जबरदस्त सियासी संग्राम मचा और मामला चुनाव आयोग तक पहुंचा।
बता दें कि उनका यह ट्वीट अबतक साढ़े आठ हजार से ज्यादा बार रि-ट्वीट किया जा चुका है, जबकि 34 हजार से ज्यादा लोगों ने इसे पसंद किया है।
शुक्रवार सुबह ही चुनाव आयोग ने दिल्ली के मुख्य चुनाव अधिकारी से भाजपा नेता कपिल मिश्रा के ट्वीट पर जवाब मांगा। इसके बाद रिटर्निंग ऑफिसर ने कपिल मिश्रा को नोटिस जारी किया।
नोटिस जारी होने के थोड़ी देर बाद ही कपिल फिर एक बार ट्विटर पर आए और उन्होंने लिखा- 'सच बोलने में डर कैसा सत्य पर अडिग हूं'।
दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय ने चुनाव आयोग से कपिल मिश्रा के ट्वीट को हटाने की प्रक्रिया शुरू करने का अनुरोध किया है। चुनाव आयोग ने ट्विटर से कपिल मिश्रा के ट्वीट को हटाने के लिए कहा है।