दिल्ली के अनाजमंडी इलाके में रविवार तड़के लगी भीषण आग में अब तक 43 लोगों की मौत हो चुकी है। बताया जा रहा है कि संकरी गलियों में स्थित पैकेजिंग और बैग बनाने वाली फैक्ट्री में शार्ट सर्किट होने से आग लगी। इस घटना पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने घटना पर दुख जाहिर किया है।
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने ट्वीट किया कि दिल्ली के अनाज मंडी इलाके में लगी आग की त्रासदपूर्ण खबर सुनकर बेहद दुखी हूं। प्रभावित परिवारों के लिए प्रार्थना करता हूं। घायलों के जल्द ठीक होने की कामना करता हूं। स्थानीय अथॉरिटी लोगों को बचाने के लिए अच्छा काम कर रही है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली के अनाज मंडी क्षेत्र में आग लगने की घटना पर दुख जताते हुए उसे बेहद भयानक बताया। उन्होंने ट्वीट किया कि दिल्ली के रानी झांसी रोड पर अनाज मंडी क्षेत्र में आग लगने की घटना बेहद भयानक है। मृतकों के परिवारों के साथ मेरी संवेदनाएं हैं। मैं घायलों के जल्द सेहतमंद होने की कामना करता हूं। घटनास्थल पर अधिकारी हर संभव मदद मुहैया करा रहे हैं।
कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने आग की घटना पर दुख व्यक्त करते हुए केंद्र और राज्य सरकारों के अधिकारियों से पीड़ितों और मृतकों के परिवार को हर संभव मदद मुहैया कराने की अपील की। पार्टी की ओर से जारी बयान के अनुसार, ‘गांधी ने भयावह घटना में मारे गए लोगों के परिवार और उनके प्रियजन के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने अधिकतम लोगों का जीवन को बचाय जाने और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की उम्मीद जाहिर की।’ गांधी ने कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं से भी हर संभव तरीके से अधिकारियों की मदद करने को कहा।
राहुल गांधी ने ने ट्वीट किया कि दिल्ली के अनाज मंडी में भीषण आग लगने से कई लोगों की मौत और अनेक लोगों के घायल होने की खबर से आहत हूं। मृतकों के परिवार के प्रति मैं अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।