रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह शनिवार को दो दिवसीय दौरे पर दार्जिलिंग पहुंचे। वहां से हेलीकॉप्टर के माध्यम से 33 कोर सेना मुख्यालय सुकना पहुंचे। यहां पहुंचकर उन्होंने जवानों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि भारत हमेशा अपने सभी पड़ोसी देशों के साथ बेहतर संबंध चाहता है, हमने हमेशा उसी के लिए प्रयास किया है। लेकिन हमारे जवानों को समय-समय पर अपनी सीमाओं, अखंडता और सार्वभौमिकता की रक्षा के लिए अपने जीवन का बलिदान करना पड़ा है।
विज्ञापन
उन्होंने आगे कहा कि गलवां घाटी में बिहार रेजिमेंट के हमारे 20 जवानों ने अपनी मातृभूमि की रक्षा के लिए खुद को बलिदान कर दिया। रक्षा मंत्री ने कहा कि आपकी वजह से देश और उसकी सीमाएं सुरक्षित हैं।
अगले दिन यानी रविवार की सुबह सेना के विशेष विमान से सिक्किम के लिए रवाना होंगे। वहां वे सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) द्वारा निर्मित एक बुनियादी ढांचा परियोजना का उद्घाटन करेंगे और शस्त्र पूजा करेंगे।