सार्वजनिक रक्षा क्षेत्र के उपक्रम भारत डायनेमिक्स लिमिटेड ने बुधवार को एक अहम रक्षा सौदा किया है। इस सौदे के तहत कंपनी भारतीय सेना को कॉन्कुर्स-एम एंटी टैंक मिसाइलों की सप्लाई की जाएगी। सौदे की कुल कीमत 3131.82 करोड़ है। कॉन्कुर्स-एम मिसाइल दूसरी पीढ़ी की मैकेनाइज्ड इंफेंट्री एंटी टैंक गाइडेड मिसाइल है। यह मुख्य रूप से बख्तरबंद वाहनों को नष्ट करने का काम करती है।
कॉन्कुर्स एंटी टैंक मिसाइल को बीएमपी-II टैंक और जमीनी लांचर दोनों से ही लांच किया जा सकता है। यह 19 सेकंड की उड़ान सीमा के साथ 75 से 4 हजार मीटर तक दूरी तय करने में सक्षम हैं।
यह रक्षा सौदा बुधवार को नई दिल्ली में किया गया और इसे तीन साल में पूरा किया जाएगा।
बीडीएल के सीएमडी कमांडर सिद्धार्थ मिश्रा (सेवानिवृत्त) ने बताया कि कॉन्कुर्स एंटी टैंक मिसाइलों का निर्माण रूसी ओईएम के साथ लाइसेंस समझौते के तहत किया जा रहा है। हालांकि, इसे अधिकतम सीमा तक स्वदेशी बनाया गया है। बीडीएल अन्य मित्र देशों को भी इस मिसाइल के निर्यात की पेशकश कर रहा है।