तमिलनाडु के मदुरै स्थित थिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी पर केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के जवानों की तैनाती के बीच स्थानीय लोगों ने उनका स्वागत किया। ग्रामीणों ने जवानों पर फूलों की पंखुड़ियां बरसाईं और ढोल बजाकर खुशी जताई। पहाड़ी पर सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालने के लिए पहुंचे जवानों के स्वागत का यह नजारा चर्चा में है।
पहाड़ी पर दरगाह जाने वाले लोग भी पहुंचे
इस बीच, थिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी पर स्थित हजरत सुल्तान सिकंदर बादुशा औलिया दरगाह की ओर पर्यटक और स्थानीय लोग भी जाते दिखाई दिए। पहाड़ी पर मंदिर और दरगाह दोनों स्थित हैं। सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद कार्तिगई दीपम जलाने की व्यवस्था और सुरक्षा को लेकर इलाके में गतिविधियां बढ़ गई हैं।
सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद संभाली सुरक्षा
दरअसल, सुप्रीम कोर्ट ने थिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी पर कार्तिगई दीपम उत्सव के तहत दीपथून पत्थर के स्तंभ पर पारंपरिक दीपक जलाने का निर्देश दिया है। इसके बाद केंद्रीय बलों को इलाके की सुरक्षा सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई। सीआरपीएफ ने पहाड़ी और श्री सुब्रमणिया स्वामी मंदिर की सुरक्षा अपने नियंत्रण में ले ली है। जवानों को पहाड़ी की ओर बढ़ते और सुरक्षा व्यवस्था संभालते देखा गया।
क्या है पूरा मामला?
यह घटनाक्रम तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी पर स्थित 'दीपथून' पत्थर के खंभे पर 'कार्तिगई दीपम' न जलाए जाने को लेकर हुए विवाद के बीच सामने आया है, जबकि सुप्रीम कोर्ट ने पहले ही एक अंतरिम आदेश में वहां दीप जलाने का निर्देश दिया था। मंगलवार को वार्षिक 'कार्तिगई दीपम' उत्सव के दौरान, 'महा दीपम' को 'उची पिल्लयार मंदिर' के पास जलाया गया, जबकि निर्धारित समारोह से पहले 'दीपथून' के पास पुलिस बल तैनात कर दिया गया था।
सुप्रीम कोर्ट ने अवहेलना किए जाने का संज्ञान लिया
इस बीच, सुप्रीम कोर्ट की बेंच ने आज अपने पिछले आदेश की जानबूझकर अवहेलना किए जाने का संज्ञान लिया। कोर्ट ने गौर किया कि उसके निर्देशों और मद्रास हाई कोर्ट के समक्ष मदुरै जिला कलेक्टर द्वारा दिए गए उस आश्वासन के बावजूद 24 नवंबर को पारंपरिक दीप नहीं जलाया गया।
इससे पहले, जस्टिस अरविंद कुमार की अध्यक्षता वाली सुप्रीम कोर्ट की बेंच ने 24 नवंबर को एक बार के लिए, सख्त शर्तों के साथ दीप जलाने की अनुमति दी थी। साथ ही, कोर्ट ने यह स्पष्ट कर दिया था कि इस निर्देश को कोई कानूनी नजीर नहीं माना जाएगा और न ही इससे स्वामित्व या पारंपरिक अधिकारों से जुड़े व्यापक दावों का कोई समाधान निकलेगा। 20 नवंबर को, तमिलनाडु सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में एक पुनर्विचार याचिका दायर की। इसमें कोर्ट के उस अंतरिम आदेश को चुनौती दी गई है, जिसमें तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी पर स्थित सिकंदर बादशाह दरगाह के पास 'दीपथून' पर 'कार्तिगई दीपम' के अवसर पर एक बार दीप जलाने की अनुमति दी गई थी।