ओडिशा के बालासोर में हुए भयानक ट्रेन दुर्घटना के कुछ ही दिनों बाद कर्नाटक में रेलवे पटरियों पर पत्थर रखने वाले एक बच्चे का वीडियो ट्विटर पर वायरल हो रहा है। ओडिशा रेल दुर्घटना में 278 (आधिकारिक आंकड़ा) लोग मारे गए और 1,100 से अधिक घायल हुए हैं।
रेलवे ट्रैक पर बच्चे द्वारा पत्थर रखने की घटना को सोशल मीडिया पर काफी शेयर किया जा रहा है। लोग इसे साजिश बता रहे हैं। कई यूजर इसकी जांच की मांग कर रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, चौंकाने वाला: एक और ट्रेन दुर्घटना टली। एक कम उम्र का लड़का इस बार कर्नाटक में रेलवे ट्रैक की तोड़फोड़ करते पकड़ा गया। देश में हजारों किलोमीटर रेलवे ट्रैक हैं और वयस्कों को तो भूल ही जाइए यहां तक कि बच्चों को भी तोड़फोड़ करने और मौत का कारण बनने के लिए इस्तेमाल किया जा रहा है। यह एक गंभीर मुद्दा है। इस पर जिम्मेदार लोग गौर करें। यूजर ने इस ट्वीट को रेल मंत्री अश्विनि वैष्णव, रेलवे मंत्रालय और रेलवे सेवा को टैग किया है।
ओडिशा के बालासोर में हुए भयानक ट्रेन दुर्घटना के ठीक तीन दिन बाद सोमवार को ट्विटर पर वीडियो पोस्ट किया गया था। बालासोर हादसे ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। गौरतलब है कि बेंगलुरु-हावड़ा सुपरफास्ट एक्सप्रेस, शालीमार-चेन्नई सेंट्रल कोरोमंडल एक्सप्रेस और एक मालगाड़ी के बीच बालासोर जिले के बहनागा बाजार स्टेशन के पास शुक्रवार शाम करीब सात बजे टक्कर हुई थी।
इस बीच, बालासोर में ट्रिपल ट्रेन दुर्घटना से प्रभावित परिवारों को उनके परिजनों का पता लगाने में मदद करने के लिए रेलवे ने ओडिशा सरकार के साथ मिलकर मारे गए लोगों की तस्वीरों और विभिन्न अस्पतालों में भर्ती यात्रियों की सूची के साथ तीन ऑनलाइन लिंक तैयार किए हैं।