पूर्व भाजपा नेता दयाशंकर सिंह और स्वाति सिंह ने किया एलान
- फोटो : amar Ujala
पूर्व मुख्यमंत्री मायावती पर टिप्पणी के बाद चर्चा में आए पूर्व भाजपा नेता दयाशंकर सिंह और उनकी पत्नी स्वाति सिंह ने कहा है कि बसपा नेता नसीमुद्दीन सिद्दीकी और मायावती को आगामी विधानसभा चुनाव में शिकस्त देना ही उनका लक्ष्य है। भाजपा यदि उन्हें टिकट देती है तो और अच्छा होगा। शनिवार को वे दोनों शताब्दी एक्सप्रेस से दिल्ली जाते समय कुछ देर सेंट्रल स्टेशन पर रुके। इस दौरान समर्थकों ने उनका स्वागत किया।
बता दें कि दयाशंकर सिंह को मायावती पर अशोभनीय टिप्पणी करने के आरोप में भाजपा से 6 वर्ष के लिए बाहर कर दिया गया है। दयाशंकर ने कहा कि भाजपा ने भले ही उन्हें बाहर किया है, लेकिन वह अब भी पार्टी के एक अनुशासित सिपाही की तरह काम करते रहेंगे। यूपी में भाजपा की सरकार बनाने के लिए वह अपने समर्थकों के साथ पूरी तन्मयता से काम करेंगे।
स्वाति सिंह ने कहा कि वह बसपा नेता नसीमुद्दीन को सजा दिलाने के लिए सुप्रीम कोर्ट तक जाएंगी। नसीमुद्दीन के खिलाफ प्रदेश भर की महिलाओं के बीच जाकर मामला उठाऊंगी। कहा कि राजनीति में ऐसे लोगों का बहिष्कार होना चाहिए। सेंट्रल स्टेशन पर समर्थकों ने दोनों का फूल माला पहनाकर स्वागत किया। श्रीकृष्ण दीक्षित बड़ेजी, प्रमोद पाण्डे, चरनजीत, सुदीप चंदेल, विकास दुबे, विजय गौड़, रामजी शुक्ला, बच्चा बाबू, शंभू नारायण सहित काफी संख्या में लोग मौजूद रहे।