गोवर्धन के गांव बोरपा के गरीब किसान की बेटी प्राची सिंह का तीरंदाजी के एशिया कप के लिए भारतीय टीम में चयन हुआ है। ये प्रतियोगिता 20 से 26 मार्च तक बैंकाक में होगी। बेटी की कामयाबी पर परिवारीजन फूले नहीं समा रहे हैं।
गांव बोरपा के ऊधम सिंह (हाल निवासी भरतपुर) खेती करके परिवार का पालन पोषण कर रहे हैं। उनके पास तीन बीघा जमीन है। उनकी बेटी प्राची सिंह बचपन से ही तीरंदाजी में दिलचस्पी रखती है।
आर्थिक स्थिति ठीक न होते हुए भी ऊधम सिंह ने अपनी बेटी को चोटीपुरा के गुरुकुल में तीरंदाजी के अभ्यास के लिए भेज दिया। बेटी की प्रतिभा निखरने लगी। वर्ष 2013 में राजस्थान की ओर से खेलते हुए प्राची ने नेशनल अवार्ड जीता। इसके बाद उसने पीछे मुड़कर नहीं देखा।