इंस्पेक्टर पिता ने किया अपनी डीएसपी बेटी को सैल्यूट
- फोटो : twitter
सभी माता-पिता अपने बच्चों को खुश देखना और उनके सपने को पूरा होता देखना चाहते हैं। उनकी यही इच्छा होती है कि उनके बच्चे उनसे भी आगे जाएं, उनसे भी बड़ा नाम कमाएं। ऐसा होने पर गर्व की अनुभूति होती है। ऐसा ही एक वाकया देखने को मिला आंध्र प्रदेश में, जहां एक सर्किल इंस्पेक्टर पिता अपनी डीएसपी बेटी को सैल्यूट करते नजर आए।
आंध्र प्रदेश पुलिस में सर्किल इंस्पेक्टर के तौर पर श्याम सुंदर तिरुपति में तैनात हैं। उनके लिए यह एक गर्व का पल था जब एक सर्किल इंस्पेक्टर पिता के तौर पर उन्होंने अपनी डीएसपी बेटी येंदुरा जेसी को सैल्यूट किया। अब यह फोटो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रही है। सभी लोग दोनों की खूब तारीफ कर रहे हैं और बधाइयां दे रहे हैं।
बता दें कि जेसी 2018 बैच की प्रांतीय पुलिस सेवा की अधिकारी हैं। दरअसल, आंध्र प्रदेश पुलिस इन दिनों तिरुपति में पुलिस ड्यूटी मीट 2021 का आयोजन करवा रही है। इसी आयोजन के दौरान पिता और बेटी की मुलाकात हुई। श्याम सुंदर तिरुपति में तैनात हैं जबकि उनकी बेटी बतौर डीएसपी गुंटूर में तैनात हैं।