आंध्र प्रदेश विधानसभा का कार्यकाल 18 जून, अरुणाचल प्रदेश विधानसभा का जून के पहले हफ्ते, सिक्किम विधानसभा का कार्यकाल 27 मई और ओडिशा विधानसभा का कार्यकाल 11 जून को समाप्त हो रहा है। सूत्रों के मुताबिक तारीखों की घोषणा में वक्त इसलिए लग रहा है क्योंकि आम चुनाव के साथ जम्मू-कश्मीर राज्य में विधानसभा चुनाव कराने को लेकर भी विचार चल रहा है।
मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा के नेतृत्व में चुनाव आयोग की एक टीम ने जम्मू-कश्मीर का दौरा भी किया था। ताकि यह आकलन किया जा सके कि राज्य में विधानसभा चुनाव लोकसभा चुनाव के साथ हो सकते हैं या नहीं।
ओडिशा विधानसभा चुनाव
ओडिशा में पिछली बार अप्रैल 2014 में विधानसभा चुनाव हुए थे। ये चुनाव दो चरण में संपन्न हुए। वर्तमान में यहां बीजू जनता दल की सरकार है और मुख्यमंत्री नवीन पटनायक हैं। यहां 147 विधानसभा सीटों में से बीजू जनता दल ने 117, कांग्रेस ने 16, भाजपा ने 10, निर्दलीय ने 2 और कम्युनिस्ट और समता क्रांति दल ने एक-एक सीट जीती थी। बहुमत के लिए 74 सीटें जीतना जरूरी है।
सिक्किम विधानसभा चुनाव
सिक्किम में पिछली बार विधानसभा चुनाव 12 अप्रैल 2014 को हुए थे। यहां 32 विधानसभा सीटें हैं। बहुमत के लिए 17 सीटें जीतना जरूरी है। जिनमें से सिक्किम डेमोक्रेटिक फ्रंट ने 22 और सिक्किम क्रांतिकारी मोर्चा ने 10 सीटें जीती थीं। वर्तमान में सिक्किम डेमोक्रेटिक फ्रंट के पवन कुमार चामलिंग राज्य के मुख्यमंत्री हैं।
जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव
जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव पिछली बार 25 नवंबर-20 दिसंबर 2014 तक पांच चरणों में संपन्न हुए थे। यहां कुल 87 विधानसभा सीटें हैं। जिनमें से पीपल डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) ने 28, भाजपा ने 25, नेशनल कांफ्रेंस ने 15 और कांग्रेस ने 12 जीती थीं। अन्य दलों ने 7 सीटें जीती थीं। बहुमत के लिए 44 सीटें जीतना जरूरी है। 19 जून 2018 तक यहां की मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती थीं। यहां भाजपा और पीडीपी के गठबंधन की सरकार बनी थी। फिलहाल यहां राज्यपाल शासन लागू है।
अरुणाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव
अरुणाचल प्रदेश में पिछली बार 9 अप्रैल, 2014 को विधानसभा चुनाव संपन्न हुए थे। यहां कुल 60 विधानसभा सीट हैं। जिनमें से कांग्रेस ने 42 पर जीत दर्ज की थी। भाजपा ने 11 सीटें जीती थीं, निर्दलीय ने 2 और पीपल्स पार्टी ऑफ अरुणाचल ने 5। वर्तमान में भाजपा के पेमा खांडू राज्य के मुख्यमंत्री हैं।
आंध्र प्रदेश विधानसभा चुनाव
आंध्र प्रदेश में पिछली बार विधानसभा चुनाव 7 मई 2014 में हुए थे। एन. चंद्रबाबू नायडू की तेलुगु देशम पार्टी ने कुल 175 सीटें में से सबसे अधिक सीटों पर जीत दर्ज की थी। वर्तमान में वह राज्य के मुख्यमंत्री हैं।