हालांकि पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान युवक के चरित्र को लेकर उन्हें बहुत सी शिकायतें मिलीं। कुछ गांव वालों ने इस बात की भी शिकायत की कि जब भी उसके आस-पास लड़कियां होती थी तो वह घोड़े और मोटरसाइकिल से
स्टंट किया करता था। वह लड़कियों को परेशान करने के साथ ही झगड़ा भी किया करता था जिस कारण लोग उससे परेशान हो चुके थे।
दो महीने पहले गांव टींबी में रहने वाला 21 साल का प्रदीप राठोड घोड़ी खरीदकर लाया था। आरोप है कि जब भी शाम को वह घोड़ी से अपने खेत की ओर निकलता तो गांव के दबंग लोग उसे घोड़ी पर बैठने से मना करते और धमकी देते थे। बृहस्पतिवार को भी वह हमेशा की तरह घोड़ी से खेत पर गया और कहा कि वह रात में लौटेगा। देर रात तक नहीं लौटने पर उसकी तलाश शुरू की गई।
शुक्रवार सुबह प्रदीप और घोड़ी दोनों के शव गांव के बाहर मिले। गुजरात के सामाजिक न्याय मंत्री ईश्वर परमार ने जिले के डीएम और एसपी को जल्द जांच कर सरकार को रिपोर्ट सौंपने का आदेश दिया है।