भाजपा की सहयोगी लोक जनशक्ति पार्टी से संबद्ध दलित सेना ने अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति (अत्याचार रोकथाम) कानून के मूल प्रावधानों को बहाल करने संबंधी विधेयक लाने के सरकार के ‘फैसले के लिए आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सराहना की।
इससे पहले दलित सेना ने नौ अगस्त को दलित समूहों के प्रस्तावित देशव्यापी प्रदर्शन में शामिल होने की धमकी दी थी।
दलित सेना के अध्यक्ष और लोकसभा सांसद रामचंद्र पासवान ने संबंधित विधेयक लाने के फैसले के लिए मोदी की जमकर प्रशंसा की।
सर्वोच्च न्यायालय ने 20 मार्च के अपने फैसले में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचर निवारण) अधिनियम में कई छूट दी थी। इस फैसेल की दलित समूहों ने यह कहकर आलोचना की थी कि इससे यह कानून प्रभावहीन हो जाएगा।
ओबीसी आयोग से संबंधित विधेयक पारित होने पर कई दलों के नेताओं ने दी प्रधानमंत्री को बधाई
राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग को संवैधानिक दर्जा देने से संबंधित संविधान संशोधन विधेयक पारित होने के बाद लोकसभा में आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को कई दलों के नेताओं ने बधाई दी।
लोकसभा में सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्री थावर चंद गहलोत के जवाब के बाद संविधान (123वां संशोधन) विधेयक, 2017 को सर्वसम्मति से पारित किया गया।
विधेयक पारित होने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अग्रिम पंक्ति में ही बैठे गहलोत के पास जाकर उन्हें बधाई दी।
इसके बाद अन्नाद्रमुक के एम तंबिदुरै, लोक जनशक्ति पार्टी नेता और केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान, लोजपा सांसद चिराग पासवान, आरपीआई (ए) सांसद और केंद्रीय सामाजिक न्याय और अधिकारिता राज्यमंत्री रामदास अठावले, तेलंगाना राष्ट्र समिति के बी एन गौड़ और भाजपा के हुक्मदेव नारायण यादव समेत कई सदस्यों ने प्रधानमंत्री के पास जाकर उन्हें बधाई दी।