तर्कवादी नरेंद्र दाभोलकर के हत्या के आरोपी वकील संजीव पुनालेकर को पुणे की एक अदालत ने छह जुलाई तक के लिए न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। सीबीआई ने संजीव और उसके सहायक विक्रम भावे को 25 मई को गिरफ्तार किया था।
अतिरिक्त सत्र न्यायधीश (विशेष न्यायधीश) आर. एम. पांडे ने पिछले बृहस्तिवार को पुनालेकर को 23 जून तक सीबीआई की हिरासत में भेज दिया था। सीबीआई ने कहा था कि उसे संजीव के लैपटॉप से अपराध की ओर संकेत करने वाले दस्तावेज मिले हैं और इस बारे में उससे पूछताछ की जरूरत है।
केन्द्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने रविवार को अदालत को बताया कि संजीव को और ज्यादा हिरासत में रखने की जरूरत नहीं है। इसके बाद न्यायधीश ने संजीव को छह जुलाई तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
पुनालेकर पर इस मामले में शामिल हमलावरों में से एक शरद कलासकर को अपराध में इस्तेमाल किये गए हथियारों को नष्ट करने की सलाह देने का आरोप है। दाभोलकर की 20 अगस्त 2013 को पुणे में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।