ताउते तूफान की चेतावनी के बावजूद लापरवाही बरतने के चलते अरब सागर में डूबे बार्ज पी 305 के कप्तान राकेश बल्लव व अन्य के खिलाफ 49 लोगों की गैर इरादतन हत्या की एफआईआर दर्ज की गई है।
हालांकि कैप्टन राकेश बल्लव उन 26 लोगों में शामिल हैं जो अभी लापता हैं। येलो गेट थाने में शुक्रवार को दर्ज एफआईआर में लापरवाही के चलते लोगों की जान जोखिम में डालने समेत अन्य धारा भी लगाई गई है। मामले की जांच के लिए विशेष टीम भी गठित की गई है।
मुंबई पुलिस के प्रवक्ता डीसीपी एस चैतन्य ने बताया कि नौसेना द्वारा बचाए गए बार्ज पर कार्यरत चीफ इंजीनियर रहमान हुसैन शेख की शिकायत पर राकेश बल्लव व अन्य के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
ओएनजीसी के बार्ज पी305 में कुल 261 कर्मचारी तैनात थे जब पांच दिन पहले वह अरब सागर में डूबने लगा था। इनमें से नौसेना व भारतीय तटरक्षक ने 186 को बचा लिया, 49 के शव मिले और 26 लोग अब भी लापता हैं।
चैतन्य ने कहा, जांच के उपरांत निष्कर्षों के आधार पर अन्य अधिकारियों के खिलाफ मामला दर्ज किया जाएगा। अब तक 50 से ज्यादा लोगों के बयान दर्ज किए गए हैं। इस घटना में कप्तान बल्लव का बयान लेना जरूरी है, लेकिन वह भी उन 26 लोगों में शामिल है जो अब तक लापता हैं।
बार्ज में छेद होने की सूचना को भी किया अनसुना
पी-305 बार्ज के मुख्य अभियंता रहमान शेख के भाई आलम शेख ने एक वीडियो साझा किया है जिसमें कहा, ताउते की चेतावनी के तहत कैप्टन बल्लव और बार्ज के मास्टर पर जहाज सुरक्षित स्थान पर ले जाने की जिम्मेदारी थी। उनकी लापरवाही से जहाज डूबा।
रहमान को उनके मित्र आनंद ने बार्ज में छेद होने के बारे में बताया था जिसकी सूचना उन्होंने तुरंत मालिक को फोन पर दी और जहाज वापस बुलाने के लिए भी कहा, लेकिन कोई जवाब नहीं आया। इस तबाही के लिए ओएनजीसी, एफकॉन्स कंपनी भी जिम्मेदार हैं। रहमान को बार्ज के मलबे के बीच समुद्र में 24 घंटा बिताने के बाद बचाया गया है। फिलहाल, उनका अपोलो अस्पताल में इलाज चल रहा है।
गुजरात के जैसे अन्य राज्यों का भी ख्याल रखते मोदी तो अच्छा होता: अजित पवार
महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम अजित पवार ने शुक्रवार को पीएम मोदी के गुजरात प्रेम पर निशाना साधते हुए कहा, ताउते तूफान से गुजरात के अलावा भी कई राज्य प्रभावित हुए। वहां भी नुकसान हुआ मगर पीएम मोदी ने तत्कालीन मदद सिर्फ गुजरात को दी, अगर वे दूसरे राज्यों का भी ख्याल रखते तो अच्छा होता।
पवार ने कहा, महाराष्ट्र के मुंबई, ठाणे, पालघर समेत कोंकण के कई जिलों में भारी नुकसान हुआ और हम उसका आकलन कर रहे हैं। मोदी को यहां भी दौरा करना था लेकिन आखिरी समय में महाराष्ट्र का दौरा रद्द कर वह अकेले गुजरात चले गए।
जिस तरह मोदी ने गुजरात को 1000 करोड़ रुपये की शुरुआती मदद दी अन्य राज्यों के लिए भी ऐसा एलान करना चाहिए था, ताकि वहां के लोगों को लगता कि प्रधानमंत्री उनका भी ख्याल रखते हैं। पवार ने बताया कि मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे तूफान प्रभावित कोंकण क्षेत्र का दौरा कर रहे हैं और जल्द ही नुकसान का आकलन किया जाएगा। (एजेंसी)
तूफान से होने वाले नुकसान को कम करने में केंद्र की मदद लेंगे: उद्धव
महाराष्ट्र के सीएम उद्धव ठाकरे ने शुक्रवार को कहा, समुद्र तट पर तूफान से होने वाले नुकसान को कम करने के लिए स्थायी बुनियादी ढांचा बनाने में केंद्र सरकार की मदद लेंगे। उन्होंने कहा, तूफान से हर बार संपत्ति, खेती ओर जिंदगियों को भारी नुकसान होता है।
इससे बचाव के लिए केंद्र सरकार को मदद मुहैया करानी चाहिए। उद्धव ने बताया कि ताउते बेहद विनाशकारी तूूफान था और इससे भारी नुकसान हुआ जिसका आकलन जारी है और दो दिन में पूरा होने की संभावना है।
उद्धव ने कहा, हमने अधिक से अधिक मदद के लिए केंद्र को लिखा है। पीएम मोदी संवेदनशील हैं और हमें उम्मीद है कि वह पूरी मदद करेंगे। हम इस मामले को राजनीतिक रंग नहीं देना चाहते।
गोवा में ताउते से 146 करोड़ का नुकसान
गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने शुक्रवार केा कहा, ताउते तूफान के चलते राज्य को 146 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। ताउते से कई मकान क्षतिग्रस्त हुए और हजारों पेड़ उखड़े।
इसके चलते कई इलाकों में बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई। दो लोगों की तूफान से हुई घटनाओं में मौत भी हुई। सीएम सावंत के मुताबिक इस नुकसान में मछुआरों को हुए घाटे को भी शामिल किया गया है चूंकि वे तीन दिन तक समुद्र में नहीं जा सके थे।
यास से निपटने को एनडीआरएफ ने कसी कमर, बंगाल-ओडिशा में टीमें तैनात
बंगाल की खाड़ी में उठने वाले चक्रवाती तूफान यास से निपटने के लिए एनडीआरएफ ने कमर कस ली है। एनडीआरएफ महानिदेशक एसएन प्रधान ने ट्वीट कर बताया कि पश्चिम बंगाल और ओडिशा में संभावित खतरे वाले क्षेत्रों में टीमें तैनात करना शुरू कर दिया गया है। यास 26-27 मई को तट से टकरा सकता है।