कोरोना से जंग लड़ रहे राज्यों में ताउते ने दुश्वारियां बढ़ा दी हैं। हालांकि इसे काबू करने की कोशिशें लगातार जारी हैं। गुजरात में कुछ स्थानों पर टीकाकरण प्रभावित हुआ है वहीं दो लाख विस्थापित लोगों में शारीरिक दूरी बनाए रखने की चुनौती भी सामने आई। अहमदाबाद के एक शीर्ष अधिकारी संदीप सागले ने कहा, आश्रय गृहों में स्थानांतरित लोगों के लिए मास्क की व्यवस्था की गई है। सामाजिक दूरी बनाए रखने के भी प्रयास किए जा रहे हैं।
प्रधानमंत्री के गृह राज्य के कुछ जिलों में कोविड अस्पतालों और ऑक्सीजन रिफिलिंग संस्थानों की बिजली गुल होने से दिक्कतें आई हैं। स्थानीय प्रशासन तूफान के कारण पटरी से उतरी व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने में जुटा हुआ है। गुजरात के ऊर्जा सचिव सुनैना तोमर ने कहा, कोरोना वायरस रोगियों के लिए नामित 81 अस्पतालों और 19 ऑक्सीजन रिफिलिंग संयंत्रों में बिजली आपूर्ति में व्यवधान का सामना करना पड़ा। उन्होंने बताया इनमें से 29 कोविड अस्पतालों, 12 अन्य अस्पतालों और छह ऑक्सीजन इकाइयों को बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई है और अन्य जगहों पर आपूर्ति बहाल करने का काम युद्ध स्तर पर जारी है।
भावनगर में ऑक्सीजन उत्पादन बाधित
ताउते के कारण विद्युत आपूर्ति ठप होने से भावनगर स्थित ऑक्सीजन संयंत्र में उत्पादन प्रभावित हुआ। हालांकि इस दौरान बफर स्टॉक से ऑक्सीजन आपूर्ति जारी रही। सीएम विजय रूपाणी ने बताया कि राज्य सरकार प्रदेश के 1400 कोविड़ अस्पतालों को लेकर विशेष रूप से चिंतित थी। इनमें से 16 में बिजली आपूर्ति बाधित हुई। सीएम ने बताया कि 16 में आपूर्ति बहाल हो गई और शेष चार पावर बैकअप पर चल रहे हैं।
महाराष्ट्र में रातभर में 1000 की कोरोना से गई जान
सोमवार को चक्रवात से प्रभावित महाराष्ट्र में रातभर में 1,000 कोरोना मरीजों की मौतें हुईं। देशभर में यह सबसे खराब स्थिति है। यहां पिछले दो हफ्तों में संक्रमण दर 15 फीसदी तक बढ़ गई है।
गुजरात से टकराने के बाद कमजोर पड़ा ताउते
मौसम विभाग के मुताबिक गुजरात तट से टकराने के बाद मंगलवार सुबह चक्रवाती तूफान अत्यंत गंभीर तूफान के रूप में आगे बढ़ा हालांकि यह कमजोर भी पड़ा। अमरेली से 15 किलोमीटर की दूरी से गुजरते हुए तूफान आगे बढ़ गया। इस दौरान 115-125 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से हवाएं चलीं।
सौराष्ट्र के कई हिस्सों में भारी बारिश
मौसम विभाग के मुताबिक ताउते के गुजर जाने के बाद भी गुजरात और सौराष्ट्र के कई हिस्सों में मंगलवार को भारी से अत्यंत अधिक बारिश हुई। दिन के समय यहां हवाएं धीमी गति से चलीं। तटीय इलाकों में ज्वार लहरें चलती रहेंगी।
गेटवे ऑफ इंडिया की दीवार, फुटपाथ क्षतिग्रस्त
ताउते तूफान से गेटवे ऑफ इंडिया की दीवार और फुटपाथ क्षतिग्रस्त हो गया। अधिकारियों ने बताया कि हालांकि गेटवे की एतिहासिक इमारते में कोई नुकसान नहीं हुआ। समुद्र की ज्वार लहरों के चलते गेटवे पर भारी मात्रा में कचरा आ गया। बीएमसी के मुताबिक चार ट्रक कचरा हटाया गया है।
मुंबई में भारी बारिश, पालघर में दो, ठाणे में एक की मौत
मौसम विभाग के मुताबिक ताउते के मद्देनजर मंगलवार को मुंबई में भारी बारिश हुई और 90 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से हवाएं चलीं। इस दौरान पालघर में दो और ठाणे में एक व्यक्ति की मौत हुई। तीनों मौतें तूफान के कारण हुए हादसों के चलते हुईं।
पूरे गोवा में आज बहाल हो जाएगी बिजली आपूर्ति
गोवा के बिजली विभाग ने मंगलवार को बताया कि बुधवार तक पूरे राज्य में बिजली आपूर्ति बहाल में हो जाएगी। तूफान आने के बाद रविवार से गोवा का अधिकांश इलाका अंधेरे में डूब गया था। बिजली विभाग ने सोमवार को मरम्मत कार्य शुरू किया था और मंगलवार तक 80 फीसदी हिस्से में बिजली आपूर्ति शुरू हो गई।