बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती तूफान 'अम्फान' के अगले 12 घंटों के दौरान एक गंभीर चक्रवाती तूफान में तब्दील होने की संभावना है। साथ ही इसके सोमवार सुबह तक अत्यधिक गंभीर तूफान वाली श्रेणी में आने की संभावना है। चक्रवात 'अम्फान' के खतरे को देखते हुए राष्ट्रीय आपदा अनुक्रिया बल (एनडीआरएफ) की 17 टीमों को ओडिशा और पश्चिम बंगाल के अलग-अलग जिलों में तैनात किया गया है।
एनडीआरएफ के महानिदेशक एस एन प्रधान ने एक वीडियो संदेश में कहा कि संघीय आकस्मिक बल मुख्यालय से स्थिति को करीब से देख रहा है और हम राज्य सरकारों, भारतीय मौसम विभाग और सभी एजेंसियों के संपर्क में हैं।
प्रधान ने कहा कि बल की सात टीमों को पश्चिम बंगाल में तैनात किया गया है। दक्षिण 24 परगना, उत्तर 24 परगना, पूर्वी मिदनापुर, पश्चिम मिदनापुर, हावड़ा और हुगली समते छह जिलों में ये टीमें तैनात रहेंगी। ओडिशा के सात जिले- पुरी, जगतसिंहपुर, केंद्रपाड़ा, जाजपुर, भद्रक, बालासोर और मयूरभंज में 10 टीमों को तैनात किया गया है। एनडीआरएफ की एक टीम में लगभग 45 कर्मी होते हैं।