कांग्रेस कार्य समिति की सोमवार को होने वाली बैठक में एक बार फिर उपाध्यक्ष राहुल गांधी की पदोन्नति को लेकर फैसला टल सकता है। पार्टी के शीर्ष नेता संगठन चुनाव की प्रक्रिया और आगे टालने को कह सकते हैं। पिछले साल एक वर्ष के लिए संगठन चुनाव टाल दिया गया था।
फैसला लेने वाली पार्टी की शीर्ष इकाई कांग्रेस कार्यसमिति के एक धड़े का मानना है कि उत्तर प्रदेश और पंजाब विधानसभा चुनाव के बाद राहुल को पदोन्नति दी जानी चाहिए। उनका कहना है कि पार्टी को इन चुनावों पर फोकस करना है। ऐसे में संगठन चुनाव कराने के लिए बहुत कम समय बचेगा। इतना ही नहीं कई बड़े नेताओं का यह भी कहना है कि राहुल की पदोन्नति के लिए यह समय माकूल नहीं है।
कुछ का यह भी मानना है कि वर्तमान राजनीतिक परिदृश्य में सोनिया गांधी को ही पार्टी का नेतृत्व करना चाहिए। सोमवार को होने वाली बैठक में वर्तमान राजनीतिक परिदृश्य पर चर्चा के अलावा एनडीटीवी इंडिया समाचार चैनल पर लगाए गए एक दिवसीय प्रतिबंध पर भी चर्चा होगी। कार्यसमिति की यह बैठक इसलिए भी अहम हो गई है क्योंकि 16 नवंबर से संसद का शीत सत्र शुरू हो रहा है। इसमें पार्टी अपनी रणनीति को अंतिम रूप देगी।