गृह मंत्रालय की संयुक्त सचिव पुण्य सलिला श्रीवास्तव ने कहा कि, राज्यों से सामंजस्य बनाए रखने को कहा गया है ताकि माल ढुलाई के आवागमन में कोई समस्या नहीं आए। इसके लिए गृह मंत्रालय ने कंट्रोल रूम नंबर 1930 और नेशनल हाइवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया हेल्पलाइन नंबर 1033 जारी किया है और कहा है कि इसका उपयोग ड्राइवरों और ट्रांसपोर्टरों द्वारा लॉकडाउन से संबंधित किसी भी शिकायत को दर्ज करने के लिए किया जा सकता है।
मई के तीसरे हफ्ते में बढ़ सकते हैं संक्रमित, माह अंत में हालात सुधरेंगे
केंद्र सरकार का आकलन है कि मई के तीसरे हफ्ते संक्रमितों की संख्या बढ़ेगी। इसके बाद वायरस की उल्टी गिनती शुरू होगी। मई के अंत तक स्वस्थ होने वालों की संख्या 27.5 फीसदी से बढ़कर 50 फीसदी से ऊपर हो जाएगी।
शुरुआती दौर में संक्रमण की दर 4.5 फीसदी थी, जो अब घटकर 3.8 फीसदी रह गई है। संक्रमितों की संख्या भले 40,000 के आंकड़े को पार कर गई है, मगर दूसरा पहलू यह भी है कि 12 हजार लोग स्वस्थ हो चुके हैं। सरकार के एक वरिष्ठ योजनाकार के मुताबिक, संक्रमण की दस्तक के दो हफ्ते बाद भी इसे करीब 20 जिलों तक सीमित रखने में कामयाबी मिली है।
इन्हीं बीस जिलों में 70 फीसदी संक्रमित हैं और 72 फीसदी मौतें भी इन्हीं जिलों में हुई हैं। उनका दावा है कि 20 सर्वाधिक प्रभावित जिलों का असर उनके पड़ोसी जिलों पर नहीं पड़ा है। उनके मुताबिक, इसका अर्थ यह है कि इन जिलों में सरकार की योजना कामयाब हो रही है।