करीब 84 फीसदी वार्षिक रिटर्न देने का दावा करने वाली एक पोंजी स्कीम के चक्कर में फंसकर टीम इंडिया के सिक्सर किंग युवराज सिंह की मां शबनम ने 50 लाख रुपय गंवा दिए हैं। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की मुंबई शाखा के एक अधिकारी के मुताबिक, शबनम इस स्कीम में करीब 1 करोड़ रुपये लगा चुकी थीं और उन्हें हर महीने 7 लाख रुपये वापस दिए जाने का वादा किया गया था। लेकिन उन्हें 50 लाख रुपये वापस मिलने के बाद रकम मिलनी बंद हो गई थी।
ईडी इस मामले की मनी लांड्रिंग एक्ट के तहत जांच कर रही है। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि साधना एंटरप्राइजेज नाम की यह पोंजी कंपनी शबनम और अन्य लोगों से उगाहे गए पैसे को बिटक्वाइन जैसी वर्चुअल करेंसी में निवेश कर रही थी। ईडी अधिकारियों के अनुसार, ये घोटाला करीब 700 करोड़ रुपये का लग रहा है और इसके तार हवाला कारोबार से जुड़े होने की संभावना सामने आई है।
युवराज की मां समेत इस पोंजी स्कीम में पैसा निवेश करने वाले सभी निवेशक भी ईडी के रडार पर हैं। ईडी के सहायक निदेशक रंजन कुमार मिश्रा ने शबनम सिंह को पत्र लिखकर उनसे इस कंपनी के साथ हुए लेनदेन का ब्योरा और निवेश का उद्देश्य पूछा है। शबनम का इनकम टैक्स रिकॉर्ड भी जांचा जा रहा है। ईडी सूत्रों के अनुसार, अन्य निवेशकों के रिकॉर्ड भी जांचे जा रहे हैं।
मैंने दे दिया है जवाब : शबनम
उधर, एक अंग्रेजी अखबार से शबनम ने कहा है कि उन्होंने कुछ भी गलत नहीं किया है। ईडी ने उन्हें कोई नोटिस नहीं दिया था बल्कि कुछ कागजातों पर जवाब मांगा था। उन्होंने सभी कागजात अपने जवाब समेत जांच एजेंसी को भेज दिए हैं।