मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी, वाम दलों और डीएमके नेता के सहयोगियों के साथ 15 नवंबर को राजभवन के सामने बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन करने जा रही है। सांसद तिरुचि शिवा भी इस विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लेंगे। वहीं अब इस प्रदर्शन को लेकर केरल के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान और राज्य सरकार के बीच जुबानी जंग भी शुरू हो गई है। राज्यपाल ने खुली चुनौती देते हुए कहा कि 15 नवंबर को मेरी अनुपस्थिति में मार्च न निकालें। मार्च उस दिन आयोजित करें जब मैं राजभवन में रहूं। मैं वहां आऊंगा और अगर आपमें हिम्मत है तो सार्वजनिक बहस करें। राज्यपाल ने आरोप लगाते हुए कहा कि कुलपतियों को उनके कर्तव्य करने से रोका जा रहा है, कानून और व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश की जा रही है। मुझे 'गंभीर परिणाम' भुगतने की धमकी दी जा रही है।
अगर तुममें हिम्मत है, तो सड़क पर मुझ पर हमला करो: राज्यपाल
राज्यपाल ने कहा कि राज्य सरकार ने संवैधानिक तंत्र के पतन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मैं उनसे आग्रह करूंगा कि आगे बढ़ो, और समस्याएं पैदा करो, राजभवन में घुसो, अगर तुममें हिम्मत है, तो सड़क पर मुझ पर हमला करो। सीएम मुझे पहचानने से इंकार कर रहे हैं लेकिन मैं उन्हें पहचानता हूं।
वहीं, कोच्चि में प्रेस वार्ता के दौरान केरल के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने दो मीडिया चैनलों पर भी निशाना साधा। उन्होंने दोनों मीडिया चैनलों का नाम लेते हुए कहा कि अगर इन टीवी चैनलों में से कोई भी यहां है, तो मैं आपसे बात नहीं करूंगा। अगर इन दोनों चैनलों में से कोई है तो कृपया बाहर निकल जाएं।
राज्यपाल ने नौ विश्वविद्यालयों के कुलपतियों से इस्तीफे की मांग की थी
बता दें कि यूजीसी के नियमों के विपरीत एपीजे अब्दुल कलाम प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के कुलपति (वीसी) की नियुक्ति को रद्द करने के सुप्रीम कोर्ट के हालिया आदेश के साथ, केरल के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने रविवार 24 अक्तूबर को राज्य में नौ विश्वविद्यालयों के कुलपतियों से इस्तीफे की मांग की थी।
माकपा महासचिव ने साधा निशाना
वहीं, माकपा महासचिव सीताराम येचुरी ने आरिफ मोहम्मद खान पर तंज कसा है। उन्होंने कहा कि भले ही वे केरल के गवर्नर हैं, लेकिन ज्यादातर वे दिल्ली में रहते हैं। वे वहीं से प्रवचन करते हैं। इस दौरान सीताराम येचुरी ने कहा कि हम राज्यपाल की संस्था पर सवाल उठा रहे हैं, न कि व्यक्तिगत रूप से उन पर हमला कर रहे हैं। राज्यपाल को कैबिनेट मंत्रियों के निर्णय के अनुसार काम करना होता है। राज्यपाल भाजपा की राजनीति को आगे बढ़ाने की कोशिश कर रहे हैं।
माकपा शासित केरल में कुलीन तंत्र व्यवस्था बरकरार : राज्यपाल
केरल के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने सोमवार को आरोप लगाया कि माकपा शासित राज्य में कुलीन तंत्र व्यवस्था कायम है। यह सरकारी नौकरियों में पार्टी कार्यकर्ताओं की नियुक्तियों से स्पष्ट होता है। राज्यपाल ने तिरुवनंतपुरम के मेयर के दफ्तर के एक कथित पत्र की रिपोर्ट का हवाला देते हुए यह टिप्पणी की। इसमें नगर निगम से अस्थायी पदों पर माकपा कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता देने को कहा गया है।