पश्चिम बंगाल में गोवंश संरक्षण को लेकर मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने बड़ा एलान किया है। उन्होंने साफ कहा है कि राज्य में गोहत्या बर्दाश्त नहीं की जाएगी और इस पर रोक लगाने के लिए सरकार नया विधेयक लाने की तैयारी कर रही है। इसके साथ ही बुजुर्ग और बीमार गायों की देखभाल करने वाली गोशालाओं को सालाना एक लाख रुपये तक की आर्थिक मदद दी जाएगी। सोमवार को नवान्न में मंत्रिमंडल की बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने इन फैसलों की जानकारी दी। बैठक में रोजगार, युवाओं की आर्थिक मदद और बिजली बिल से जुड़े कई अहम फैसले भी लिए गए।
गोहत्या रोकने के लिए क्या कदम उठाएगी सरकार?
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में पहले से ही पशु वध नियंत्रण कानून लागू है, लेकिन इसके बावजूद कुछ जगहों पर चोरी-छिपे गोहत्या की शिकायतें मिल रही हैं। सरकार अब ऐसी गतिविधियों पर सख्ती से रोक लगाएगी। उन्होंने 1950 के पश्चिम बंगाल पशु वध नियंत्रण कानून का जिक्र करते हुए कहा कि मौजूदा नियमों को सख्ती से लागू किया जाएगा। सरकार नया विधेयक लाने की भी तैयारी कर रही है। इस संबंध में मुख्यमंत्री ने कुछ अहम फैसलों की जानकारी दी।
गोहत्या पर रोक: चोरी-छिपे गोहत्या करने वालों के खिलाफ सख्ती की जाएगी।
गोशालाओं को मदद: गोकुल मिशन के तहत बुजुर्ग और बीमार गायों की देखभाल, इलाज और पालन-पोषण के लिए सालाना अधिकतम एक लाख रुपये मिलेंगे।
पशु खरीद में सहायता: दुधारू पशुओं की खरीद के लिए भी मदद देने का प्रावधान किया गया है। योजना की विस्तृत जानकारी पशुपालन विभाग जारी करेगा।
सरकारी नौकरी और युवाओं को लेकर क्या फैसले हुए?
मंत्रिमंडल ने अलग-अलग सरकारी विभागों में 10,146 पदों पर भर्ती को मंजूरी दी है। इनमें पुलिस और ईस्टर्न फ्रंटियर राइफल्स के 9,250 पद शामिल हैं। इनके तहत 650 सब-इंस्पेक्टर, 8,000 कांस्टेबल और 600 राइफलमैन की नियुक्ति होगी। एंटी-नारकोटिक्स विभाग में 48 और साइबर क्राइम विभाग में 160 पद भरे जाएंगे। पंचायत, ग्रामीण विकास, पर्यटन और शहरी विकास विभागों में भी भर्ती होगी। सरकार ने आगे एक लाख रोजगार के अवसर पैदा करने का लक्ष्य रखा है। नई भर्ती परीक्षाओं में आवेदन और परीक्षा शुल्क भी नहीं देना होगा। पहले सामान्य वर्ग के लिए 500 और एससी-एसटी उम्मीदवारों के लिए 250 रुपये तक शुल्क था।
युवासाथी की जगह कौन-सी योजना आएगी?
राज्य की युवासाथी योजना का नाम बदलकर ‘भरोसा’ किया जाएगा। जनवरी 2027 से अगले 15 महीने तक पात्र स्नातक और सरकारी तकनीकी संस्थानों में प्रशिक्षण लेने वाले युवाओं को हर महीने 2,000 रुपये मिलेंगे। अन्य पात्र गैर-स्नातक युवाओं को 1,500 रुपये दिए जाएंगे। पहले से डिजिटाइज किए गए 54 लाख आवेदनों का सत्यापन होगा। आधार से जुड़े बैंक खाते, उम्र और शैक्षणिक योग्यता की जांच के बाद लाभार्थियों की सूची तैयार की जाएगी। यह काम 31 दिसंबर तक पूरा करने का लक्ष्य है। एक परिवार के अधिकतम दो लोग लाभ ले सकेंगे। अन्नपूर्णा योजना के तहत 3,000 रुपये मासिक पाने वाली महिलाएं इसके लिए पात्र नहीं होंगी।
बिजली बिल को लेकर क्या बड़ा बदलाव किया गया?
मुख्यमंत्री ने बिजली उपभोक्ताओं को राहत देते हुए बताया कि जनवरी 2027 से पश्चिम बंगाल राज्य विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड के उपभोक्ताओं को हर महीने बिजली बिल मिलेगा। अभी तीन महीने में एक बार बिल जारी होता है। अब मीटर की रीडिंग भी हर महीने होगी। मुख्यमंत्री ने निजी बिजली कंपनी सीईएससी से भी ऐसी ही व्यवस्था अपनाने का अनुरोध करने की बात कही। औद्योगिक और व्यावसायिक क्षेत्रों में पिछले छह महीनों के दौरान बिजली की खपत बढ़ी है। इसे देखते हुए दिसंबर से अतिरिक्त बिजली खरीदी जाएगी। इसके लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खुली निविदा होगी और सबसे कम बोली लगाने वाले आपूर्तिकर्ता से बिजली खरीदी जाएगी।
शीतकालीन सत्र में कौन-से विधेयक पेश होंगे?
विधानसभा का शीतकालीन सत्र 4 से 14 दिसंबर तक चलेगा। इसमें पंचायत कानून, भूमि सुधार, कारोबार को आसान बनाने, दुकानों और प्रतिष्ठानों तथा श्रमिक सुरक्षा से जुड़े आठ विधेयक पेश करने की तैयारी है। पूर्व विधायकों का चिकित्सा भत्ता 6,000 से बढ़ाकर 10,000 रुपये करने का प्रस्ताव भी है। अनाथालयों और दिव्यांगों के आवासीय संस्थानों में भोजन के लिए दैनिक अनुदान 56 से बढ़ाकर 110 रुपये कर दिया गया है, जो एक दिसंबर से लागू होगा। रामकृष्ण मिशन के कुछ और शैक्षणिक संस्थानों, कॉलेजों और सेवा केंद्रों को भी सालाना आर्थिक सहायता मिलेगी। गोहत्या पर प्रस्तावित कानून और बाकी योजनाओं का अंतिम स्वरूप सरकारी विधेयकों और दिशा-निर्देशों के बाद स्पष्ट होगा।