भारत में 1 मई से 18 साल से अधिक आयु वाले लोगों को भी कोरोना टीका लगेगा। इसके लिए शनिवार यानी 28 अप्रैल से CoWin प्लेटफॉर्म और आरोग्य सेतु एप पर रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं। गौरतलब है कि भारत में कोरोना के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। गुरुवार को कोरोना संक्रमण का आंकड़ा तीन लाख के पार पहुंच गया। कोविड के मामले में भारत अब पहले स्थान पर पहुंचने वाला है। इससे पहले अमेरिका में सबसे ज्यादा कोरोना संक्रमितों की संख्या थी। भारत में बिगड़े हालात को देखते हुए सरकार ने 1 मई से 18 साल से ऊपर वाले सभी लोगों के लिए वैक्सीनेशन करने का फैसला लिया है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने ट्वीट करते हुए लिखा कि यह स्पष्ट किया जाता है कि कोविन पोर्टल 18 साल से अधिक उम्र के लोगों के पंजीकरण के लिए 24 अप्रैल तक तैयार हो जाएगा। टीकाकरण हेतु समय लेने के लिए (एक मई से) पंजीकरण 28 अप्रैल से शुरू होगा। उल्लेखनीय है कि एक मई से निजी कोविड-19 टीकाकरण केंद्र, जो मौजूदा व्यवस्था में सरकार से टीके की खुराक ले रहे हैं और 250 रुपये प्रति खुराक शुल्क ले रहे हैं, सीधे टीका उत्पादनकर्ताओं से टीके की खुराक खरीद सकेंगे।
उदारीकृत मूल्य निर्धारण और त्वरित राष्ट्रीय कोविड-19 टीकाकरण रणनीति के तहत 45 साल से अधिक उम्र के लोगों, स्वास्थ्य कर्मियों और अग्रिम मोर्चे पर कार्यरत कार्यकर्ताओं का मुफ्त टीकाकरण जारी रहेगा और उनके लिए केंद्र सरकार से टीके की खुराक मिलेगी। स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने बुधवार को कहा था कि चूंकि केंद्र ने टीकाकरण नीति को उदार बनाया है लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि टीका खुले बाजार में दवा की दुकानों पर उपलब्ध होगा।
उन्होंने कहा कि निजी अस्पतालों द्वारा टीकाकरण के लिए वसूले जाने वाले शुल्क की निगरानी की जाएगी। सरकार का कहना है कि सभी टीकाकरण (भारत सरकार के टीकाकरण केंद्र और अन्य माध्यमों से) राष्ट्रीय टीकाकरण कार्यक्रम का हिस्सा होगा और मौजूदा दिशानिर्देशों का सभी को पालन करना होगा। सभी टीकाकरण केंद्र मूल्य और स्टॉक, टीकाकरण प्रमाणपत्र सहित सभी जानकारी कोविन मंच पर देंगे।
रूस की स्पुतनिक वैक्सीन भी जल्द आएगी
हालांकि फ्रंट लाइन कार्यकर्ता और स्वास्थ्य कर्मी और 45 साल से ऊपर वाले लोगों को पहले जैसे ही टीके लगाए जाएंगे। नए वैक्सीन नियमों के अनुसार, राज्य और निजी संस्थाएं टीकाकरण के लिए सीधे कंपनियों से टीके खरीद सकते हैं। सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया के कोविशिल्ड और भारत बायोटेक के कोवाक्सिन के अलावा, रूस के स्पुतनिक वैक्सीन भी मई के आखिरी तक भारत पहुंच जाएगी। बता दें कि देशभर में अभी तक 11 करोड़ से ज्यादा लोगों को सिंगल डोज टीका दिया जा चुका है। जबकि 2 करोड़ लोग डबल डोज ले चुके हैं।
टीका लगवाने के लिए कोविन-एप या आरोग्य सेतु एप से ऐसे करें पंजीकरण
- टीका लगवाने के लिए को-विन एप और आरोग्य सेतु एप से पंजीकरण करा सकते हैं
- कोविन-एप पर अपना मोबाइल नंबर डालें, सेंड ओटीपी आइकन पर क्लिक करें, ओटीपी अंकित करें और वेरिफाई बटन दबाएं।
- आरोग्य सेतु एप से पंजीकरण कराना चाहते हैं तो को-विन टैब पर क्लिक करें, वैक्सीनेशन टैब पर क्लिक करें, सभी जरूरी जानकारियां भरें, इसके बाद पंजीकरण का पूरा विवरण मिलेगा।
- पंजीकृत व्यक्ति एक मोबाइल नंबर पर चार लोगों का पंजीकरण कर सकता है
- एप में कैलेंडर आइकन पर क्लिक करें और तारीख का चुनाव करें। इसके बाद लाभार्थी की पूरी जानकारी अंकित करें, टीकाकरण के लिए पंजीकरण कराएं
16 जनवरी से शुरू है टीकाकरण अभियान
बता दें कि देश में 16 जनवरी को स्वास्थ्यकर्मियों को टीका लगाने की शुरुआत हुई थी। इसके बाद 2 फरवरी को फ्रंट लाइन वर्कर और कर्मचारियों का वैक्सीनेशन शुरू हुआ। वहीं 1 मार्च से 60 साल से अधिक आयु वालों और गंभीर बीमारियों से जूझ रहे 45 साल व उससे अधिक उम्र के लोगों को टीका लगना शुरू हुआ है और अब 1 मई से 18 साल के सभी लोगों को टीका लगाया जाएगा।