पीसीबी अस्पताल में खाने में कीड़ा (सांकेतिक)
- फोटो : amar ujala
देश भर में कोरोना के मामलों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। कुल 40 दिन के लॉकडाउन में सरकारें भी अपनी तरफ से पूरा प्रयास कर रही हैं लेकिन इन सबके बीच कई जगहों से लगातार हो रही लापरवाही के मामले भी सामने आ रहे हैं। फिलहाल महाराष्ट्र के पुणे से एक ऐसा ही मामला सामने आया है जहां पर कथित तौर पर पृथक वार्ड में खाने में कीड़े मिलने की खबर है।
पुणे मिरर की खबर के मुताबिक पुणे छावनी परिषद द्वारा संचालित सरदार वल्लभ भाई पटेल छावनी अस्पताल में बुधवार को वहां के मरीज ने खराब खाने की शिकायत की। इससे पहले मंगलवार को खाने में कीड़े मिलने की बात भी कही गई थी।
हाल ही में इस अस्पताल को राज्य सरकार द्वारा ढाई करोड़ रुपये की विशेष सहायता राशि दी गई थी, जिसके तहत यहां 100 आइसोलेशन बेड का आईसीयू का निर्माण करना था और जरुरत की चीजों को उपलब्ध करवाना था। इसके बावजूद वहां भर्ती मरीजों ने खाने की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठाए हैं और शिकायत दर्ज कराई है। पुणे छावनी परिषद (पीसीबी) के इस अस्पताल की रसोई को एक संस्था चलाती है, जिसकी मदद से मरीजों को तीन वक्त का खाना दिया जाता है।
फिलहाल महाराष्ट्र के मुंबई और पुणे में कोरोना के मामलों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है और मरीजों की संख्या में भी रोजाना इजाफा हो रहा है।