फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Covid-19 Bulletin: दोबारा संक्रमण के देश में सामने आए तीन मामले, दुनिया भर में 24

Tue, 13 Oct 2020 05:34 PM IST
गौरव पाण्डेय न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

  • देश में कोरोना की स्थिति पर स्वास्थ्य मंत्रालय की प्रेस वार्ता
  • बढ़ रहा है रिकवरी रेट, 62 लाख से ज्यादा मरीज ठीक हुए
  • दोबारा संक्रमण का एक मामला अहमदाबाद तो दो मुंबई में
  • लगातार 5वें दिन देश में सक्रिय मामले नौ लाख से कम रहे
विज्ञापन
स्वास्थ्य मंत्रालय के सचिव राजेश भूषण (फाइल फोटो) - फोटो : एएनआई
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

देश में कोविड-19 महामारी की स्थिति को लेकर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय और भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) की ओर से मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया। इसमें स्वास्थ्य मंत्रालय के सचिव राजेश भूषण और आईसीएमआर के महानिदेशक डॉ. बलराम भार्गव ने कोरोना की स्थिति को लेकर जानकारियां दीं।  

विज्ञापन


आईसीएमआर के महानिदेशक डॉ. बलराम भार्गव ने बताया कि भारत में दोबारा संक्रमण के कुछ मामले सामने आए हैं। डॉ. भार्गव ने बताया कि इनमें से दो मुंबई में और एक अहमदाबाद में सामने आया है। उन्होंने कहा कि विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के अनुसार पूरी दुनिया में करीब 24 ऐसे मामले हैं। 
 

स्वास्थ्य मंत्रालय के सचिव राजेश भूषण ने प्रेस वार्ता में बताया कि भारत में कोरोना वायरस संक्रमण से ठीक होने वाले लोगों की संख्या 62 लाख से ऊपर पहुंच चुकी है। उन्होंने कहा कि यह दुनिया में सबसे ज्यादा है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि देश में लगातार पांचवें दिन कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या नौ लाख से कम रही है। 
विज्ञापन


राजेश भूषण ने कहा कि भारत में कोविड-19 की सकारात्मकता दर (पॉजिटिविटी रेट) लगातार नीचे की ओर जा रही है। उन्होंने बताया कि देश में कोरोना संक्रमण की संचयी सकारात्मकता दर (Cumulative Positivity Rate) 8.07 फीसदी है। साप्ताहिक रूप से यह दर 6.24 फीसदी है और दैनिक रूप से यह दर 5.16 फीसदी है। 

87 फीसदी मरीज हुए ठीक
स्वास्थ्य मंत्रालय के सचिव ने कहा कि देश के कुल कोरोना मामलों में करीब 87 फीसदी लोग ठीक हो चुके हैं या उन्हें अस्पताल से छुट्टी दी जा चुकी है। उन्होंने बताया कि कोरोना संक्रमण के 11.69 फीसदी सक्रिय मामले ऐसे हैं जो या तो अस्पतालों में हैं या घर में ही आइसोलेट (पृथकवास) हैं। इसके अलावा 1.53 फीसदी मामले मौत के हैं।

राजेश भूषण ने कहा कि देश में कोरोना वायरस संक्रमण के सक्रिय मामले 11.69 फीसदी हैं। कुल सक्रिय मामलों में से 11 फीसदी केरल में, 25 फीसदी महाराष्ट्र में और 13 फीसदी मामले कर्नाटक में हैं। उन्होंने कहा कि हम इन राज्यों के साथ विचार-विमर्श कर रहे हैं कि किस तरीके से यहां कोविड-19 के मामलों में कमी लाई जाए। 

केरल तीसरे स्थान पर पहुंचा
उन्होंने कहा कि 10 राज्य ऐसे हैं जिनमें कुल मामलों के 79 फीसदी मामले हैं। दो हफ्ते पहले तक केरल 10 राज्यों में भी नहीं था अब वह तीसरे नंबर पर है। नौ से 15 सितंबर तक देखें तो देश में हर दिन 92 हजार नए मामले सामने आ रहे थे। सात अक्तूबर से 13 अक्तूबर के बीच प्रतिदिन 70,114 नए मामले सामने आए हैं।

प्रेस वार्ता में मौजूद सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के सचिव अमित खरे ने कहा कि हमने एक अभियान 'जन आंदोलन फॉर कोविड-19 एप्रोप्रिएट बिहेवियर' चलाने का फैसला किया है। खरे ने बताया कि अभी इस अभियान को अक्तूबर और नवंबर के लिए चलाया जाएगा और बाद में विभिन्न स्वरूपों में अगले साल मार्च तक इसे जारी रखा जाएगा।

सर्दियों में देना होगा ध्यान
नीति आयोग के सदस्य (स्वास्थ्य) डॉ. वीके पॉल ने कहा कि कोविड-19 के प्रभाव में स्थायित्व आ रहा है। हमें अपनी साफ-सफाई को लेकर अधिक सावधान रहना होगा उन्होंने कहा कि यह सांस के जरिए आगे बढ़ने वाला विषाणु है और ऐसे विषाणु सर्दी के दिनों में अधिक हमला करते हैं। व्यवहार परिवर्तन आवश्यक है, मास्क अनिवार्य है।

डॉ. पॉल ने फेस मास्क से जुड़ी शंकाओं को दूर करते हुए कहा कि थ्री-प्लाई मास्क और घर पर बनाए गए मास्क कोविड-19 संक्रमण के प्रसार को रोकने में मददगार हैं। एन-95 मास्क अस्पतालों में काम करने वाले स्वास्थ्य कर्मियों के लिए फायदेमंद हैं। वहीं, सर्जिकल मास्क रोजमर्रा के इस्तेमाल में प्रभावी हैं।

विज्ञापन

प्रेस वार्ता के प्रमुख बिंदु

  • कोविड-19 से संक्रमित होने की कुल, साप्ताहिक और प्रतिदिन की दरों में कमी आई है। यह क्रमश: 8.07 फीसदी, 6.24 फीसदी और 5.16 फीसदी है।
  • कोविड-19 से संक्रमित होने की औसत दैनिक दर जो नौ सितंबर से 15 सितंबर के बीच 8.50 फीसदी थी, वह सात अक्तूबर से 13 अक्तूबर के बीच कम होकर 6.24 फीसदी हो गई है।
  • कोविड-19 की जांच में उल्लेखनीय तेजी आई है और संक्रमण की दर में भी लगातार गिरावट आई है।
  • कोविड-19 की वजह से करीब 35 फीसदी मौतें 45-60 वर्ष आयु समूह के मरीजों की और 10 प्रतिशत मौतें 26-44 वर्ष आयु समूह के मरीजों की हुई है।
  • कोविड-19 से जान गंवाने वालों में से 70 फीसदी संख्या पुरुषों की और 30 फीसदी महिलाओं की।
  • कोविड-19 से होने वाली मौतों में से करीब 53 फीसदी मौत उन मरीजों की हुई है जिनकी आयु 60 वर्ष या उससे अधिक है।
  • आज की तिथि के अनुसार देश में कोविड-19 के 8,38,729 उपचाराधीन मरीज हैं, इनकी संख्या लगातार पांचवें दिन नौ लाख से नीचे बनी हुई है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें