केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर हर्षवर्धन ने रविवार को कहा कि पिछले तीन दिन में भारत में कोरोना वायरस संक्रमण के मामले दोगुने होने का समय 13.6 दिन हो गया जबकि पिछले 14 दिन में यह दर 11.5 दिन थी। देश में रविवार को कोरोना वायरस के लगभग पांच हजार मामले सामने आए हैं। देश में सोमवार से देशव्यापी लॉकडाउन का चौथा चरण शुरू होगा।
अपनी इस बात को प्रमाणित करते हुए कि देश में संक्रमण के प्रसार की गति धीमी है, हर्षवर्धन ने कहा कि भारत में कोरोना वायरस के मामलों की संख्या 106 दिन में 80 हजार पहुंची जबकि ब्रिटेन, इटली, स्पेन, जर्मनी और अमेरिका में इस संख्या पर पहुंचने में 44 से 66 दिन लगे थे। हर्षवर्धन ने कहा कि मृत्युदर गिरकर 3.1 फीसदी हुई है और स्वस्थ होने की दर में भी सुधार हुआ है और यह 37.5 फीसदी हो गई है।
उन्होंने कहा कि सिक्किम, नगालैंड, दमन दीव और लक्षद्वीप में अब तक कोई मामला सामने नहीं आया है। बता दें कि आठ राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों- अरुणाचल प्रदेश, चंडीगढ़, लद्दाख, मेघालय, मिजोरम, पुडुचेरी और अंडमान निकोबार द्वीप समूह और दादर एवं नागर हवेली में पिछले 24 घंटे में कोविड-19 का कोई मामला सामने नहीं आया है।
हर्षवर्धन ने ट्वीट किया, ‘कोविड-19 से निपटने में भारत की बेहतर रणनीति के कारण देश में 80 हजार मामले होने में 106 दिन का समय लगा जबकि ब्रिटेन, इटली, स्पेन, जर्मनी और अमेरिका जैसे देशों में यह संख्या होने में 44-66 दिन लगे। मुझे वास्तव में विश्वास है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हम महामारी के खिलाफ इस युद्ध को जीतेंगे।’
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि इस महामारी से निपटने के लिए साधारण स्वच्छता उपायों जैसे साबुन से हाथ धोना या सैनिटाइजर का उपयोग करना, सार्वजनिक स्थानों पर नहीं थूकना और मास्क का उपयोग करना आदि आदतों को अपनाना जरूरी है।