देश में अब कोरोना वैक्सीन आ चुकी है और लोगों तक पहुंचने की कवायद भी तेजी से शुरू हो गई है। केंद्र सरकार के आदेशानुसार शनिवार यानी आज से कोविड -19 टीकाकरण अभियान का पूर्वाभ्यास सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में शुरू हो गया है। इसके लिए बड़े पैमाने पर तैयारियां की गई हैं।
कोविशील्ड को मिली मंजूरी
शुक्रवार को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने कहा कि टीकाकरण के पहले चरण को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। हर राज्य में एक साथ पूर्वाभ्यास किया जाएगा। चूंकि भारत में पहला और दुनिया का सबसे बड़ा व्यस्क टीकाकरण कार्यक्रम संचालित करना है। इसलिए सरकारी तंत्र की पहले से पूरी तैयारी होना आवश्यक है। टीकाकरण शुरू करने से पहले इससे जुड़े अनुभवों को जानने के लिए ही पूर्वाभ्यास किया जा रहा है ताकि आने वाले समय में किसी राज्य या जिला प्रशासन को बड़ी दिक्कतों का सामना नहीं करना पड़े।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि जिन लोगों को टीका दिया जाना है उनकी सूची भी कोविन वेबसाइट पर ज्यादातर राज्यों ने अपलोड कर दी है। पहले चरण के तहत 30 करोड़ लोगों को टीका दिया जाएगा। इसमें स्वास्थ्य कर्मचारी, सुरक्षा जवान, पुलिसकर्मी, निगम कर्मचारी, 50 और उससे अधिक आयु के लोग एवं पहले से बीमार व्यक्तियों को टीका मिलेगा।
हर राज्य के तीन केंद्र पर पूर्वाभ्यास
स्वास्थ्य मंत्रालय ने हर राज्य की राजधानी में पूर्वाभ्यास कार्यक्रम संचालित करने के लिए कहा है। हालांकि राज्यों को यह भी छूट दी गई है कि वह राजधानी के अलावा कहीं अन्य जिले का चयन भी कर सकते हैं। कम से कम एक राज्य में तीन केंद्र पर पूर्वाभ्यास होना जरूरी है। हर केंद्र पर 25 स्वास्थ्य कर्मचारियों की पहचान होगी। इस दौरान किसी को भी टीका नहीं लगेगा लेकिन पूर्वाभ्यास ऐसा किया जाएगा जैसा कि टीकाकरण किया जा रहा है।
खामियों पर होगा सुधार
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पूर्वाभ्यास के दौरान जो जो खामियां हमारे सामने आएंगी उनको दर्ज किया जाएगा। साथ ही अगले कुछ दिन में राज्यों को नए दिशा निर्देश जारी किए जाएंगे। टीकाकरण को लेकर इन दिशा निर्देशों में पूर्वाभ्यास के दौरान मिलीं खामियों का जिक्र करते हुए उनके सुधार को लेकर भी अहम बातें साझा की जाएंगी।