पूर्वी मुंबई का चेंबूर इलाका अब शहर का नया कोरोना हॉटस्पॉट बन गया है। यहां लगातार बढ़ रहे संक्रमण के मामलों ने बीएमसी की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। मुंबई बीएमसी के एम-वेस्ट वार्ड में के अंतर्गत आने वाला यह इलाका काफी संवेदनशील हो चुका है। स्थानीय प्रशासन ने अब इस इलाके में तकरीबन 500 सोसाइटी को नोटिस भेजकर कोरोना के नियमों का सख्ती से पालन करने का आदेश दिया है। बीएमसी ने यह भी संकेत दिए हैं कि अगर इलाके में इसी तरह से हालात बेकाबू होते रहे, तो जल्द ही क्षेत्रीय स्तर पर लॉकडाउन लगाया जा सकता है।
बाहरी लोगों के प्रवेश पर पाबंदी
बीएमसी ने कोरोना के खतरे को देखते हुए ऐसे इलाके में मौजूद सोसाइटी में बाहरी व्यक्ति के प्रवेश पर पाबंदी लगा दी है। यहां सिर्फ दूध वाले और हाउस कीपर को ही सोसाइटी में प्रवेश मिलेगा। बीएमसी के मुताबिक, इलाके में थर्मल स्क्रीनिंग का कड़ाई से पालन किया जाना चाहिए। हाई रिस्क वाले परिवार के सभी सदस्यों का कोरोना टेस्ट कराया जाएगा। साथ ही सोसाइटी में अगर किसी सदस्य में कोरोना के लक्षण दिखाई पड़ते हैं, तो सभी का टेस्ट कराया जाएगा।