कोरोना वायरस की मार झेल रहे भारत के लिए बुधवार को राहत भरी खबर आई। चार लॉकडाउन के गुजर जाने के बाद पहली बार भारत में कोरोना वायरस से ठीक हुए मरीजों की संख्या संक्रमितों से अधिक हो गई। स्वास्थ्य मंत्रालाय द्वारा जारी आंकड़े के अनुसार पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस के 5,991 रोगी ठीक हुए।
इसके बाद ठीक हो चुके रोगियों की कुल संख्या 1,35,205 हो गई है, जबकि कुल सक्रिय मामले अब 1,33,632 हैं। भारत सरकार की ओर से जारी की गई रिपोर्ट के अनुसार बुधवार को रिकवरी रेट 48.9% है। देश में कोरोना वायरस पीड़ितों की संख्या 2,76,583 हो गई है और अब तक 7,745 लोगों की मौत हुई है।
देशभर में पिछले 24 घंटे में 9,985 नए मामले सामने आए हैं और 279 लोगों की मौत हुई है। कोरोना से सबसे अधिक प्रभावित महाराष्ट्र में बुधवार को 3254 नए मामले दर्ज किए गए और 149 लोगों की मौत हो गई। वहीं, 1879 लोग आज ठीक हो गए हैं। इसके अलावा, आईसीएमआर ने अब तक 50 लाख से अधिक नमूनों की जांच की है। यह आंकड़ा 50,61,332 है। पिछले 24 घंटों में आईसीएमआर ने 1,45,216 नमूनों का परीक्षण किया है।
केंद्रीय टीमों को तकनीकी सहायता प्रदान करने के लिए प्रतिनियुक्त किया जा रहा है। मुंबई, अहमदाबाद, चेन्नई कोलकाता, दिल्ली और बंगलूरू के छह शहरों में कोरोना के लिए सार्वजनिक स्वास्थ्य उपायों की समीक्षा के लिए राज्य के स्वास्थ्य विभागों और नगर स्वास्थ्य अधिकारियों को रिपोर्ट सौंपनी है। कोविड-19 के लिए किए जा रहे सार्वजनिक स्वास्थ्य उपायों की समीक्षा के लिए टीमें अगले एक सप्ताह के भीतर इन शहरों का दौरा करेंगी।