कुरनूल डीएम आइसोलेशन में
कुरनूल के निगमायुक्त के पॉजिटिव मिलने के बाद जिला कलेक्टर जी वीरपंडियन सेल्फ आइसोलेशन में चले गए हैं। स्वास्थ्य अधिकारियों ने सोमवार को राज्य में 67 नए मरीज मिलने की पुष्टि की, जिसमें से 25 कुरनूल जिले के हैं।
मुंबई के बाहर भी तेजी से बढ़े मामले
महाराष्ट्र में मुंबई के बाहर भी कोरोना के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। ठाणे और नवी मुंबई में 300 से ज्यादा और कल्याण डोंबिवली में 200 से ज्यादा मरीज मिल चुके हैं। इस तरह ठाणे जिले में अब तक मरीजों की संख्या 1183 हो चुकी है। ठाणे शहर में 389, नवी मुंबई में 314, कल्याण डोंबिवली में 195 और मीरा भायंदर में 171 केस मिल चुके हैं।
बंगाल में लॉकडाउन में छूट देने का फैसला अभी नहीं
देशभर में 4 मई से लागू तीसरे चरण के लॉकडाउन में केंद्र सरकार ने कई छूट दी हैं लेकिन पश्चिम बंगाल सरकार अभी इस संदर्भ कोई निर्णय नहीं ले सकी है। इसके चलते राज्य के ग्रीन और ऑरेंज जोन में हालात पहले जैसे ही हैं। राज्य के ज्यादातर हिस्सों में सोमवार को भी आवश्यक वस्तुओं की दुकानों को छोड़कर अन्य सभी दुकानें बंद रही और सड़कों पर वाहन नजर नहीं आए। एक अधिकारी ने बताया कि मुख्य सचिव राजीव सिन्हा के नेतृत्व वाला कार्य बल ग्रीन और ऑरेंज जोन में दुकानों और प्रतिष्ठानों को खोलने का फैसला लेगी।
कर्नाटक : कलबुर्गी में एक और मौत, ग्रीन जोन में 21 मामले
कर्नाटक के कलबुर्गी में सोमवार को एक और मरीज की मौत हो गई। राज्य में अब तक 26 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, सरकार ने सोमवार को 28 नए मामले मिलने की पुष्टि की है, जिनमें से 21 ग्रीन जोन घोषित हो चुके दावणगेरे से हैं। अधिकारियों के मुताबिक, 642 संक्रमित मिले हैं, जिनमें से 304 ठीक हो चुके हैं।