गुजरात के साबरकांठा जिले में रविवार को एक दंपती ने अपनी कार की छत पर करीब दो घंटे बिताए। कार एक पुल को पार करते समय उफनती नदी में बह गई थी। कार पूरी तरह से पानी में डूब गई थी और उसकी केवल छत ही नजर आ रही थी। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
स्थानीय दमकल अधिकारी कमल पटेल के मुताबिक, कार पुल को पार करने का प्रयास कर रही थी, लेकिन यह बह कर करीब डेढ़ किलोमीटर दूर चली गई थी। उस समय नदी के तेज बहाव और बढ़े हुए जलस्तर ने बचाव कार्य को मुश्किल बना दिया। दंपति कार से बाहर निकलकर उसकी छत पर चढ़ने में सफल रहे और वहां दो घंटे तक सुरक्षित रहे।
इस दौरान नदी के किनारे स्थानीय लोग भी जमा हुए। कई लोगों ने घटना का वीडियो भी बनाया। दमकल विभाग के कर्मियों ने पानी के स्तर कम होने का इंतजार किया और एक बचाव दल को नाव और अन्य उपकरणों के साथ मदद के लिए बुलाया।
जान बचने के बाद सुरेश मिस्री ने बताया कि उन्होंने यह सोचकर पुल पार करने का प्रयास किया कि यह सुरक्षित है, क्योंकि उन्होंने एक दूसरे वाहन को सुरक्षित रूप से दूसरी ओर जाते देखा था। जैसे ही जलस्तर बढ़ा और बहाव तेज हुआ कार डेढ़ किलोमीटर दूर तक बह गई। इसके बाद उन्होंने दमकल विभाग और पुलिस को मदद के लिए फोन किया, तो उन्होंने सुरक्षित बाहर निकाल लिया।