चीन के वुहान से शुरू हुआ कोरोनावायरस का कहर दुनिया के 70 देशों समेत भारत में भी अपना पांव पसार रहा है। सोमवार को दिल्ली, तेलंगाना और जयपुर में इस वायरस से संक्रमित तीन नए मरीजों की पुष्टि के बाद मंगलवार को आगरा में कोरोना से संक्रमित एक ही परिवार के छह लोगों में लक्षण मिलने से हड़कंप मच गया है। वहीं, संक्रमित व्यक्ति आगरा से लेकर दिल्ली तक जहां-जहां गया, वहां लोगों की जांच की जा रही है। वायरस के बढ़ते प्रकोप के मद्देनजर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर कहा कि लोगों से कहा घबराने की जरूरत नहीं है। कई मंत्रालय और राज्य मिलकर काम कर रहे हैं। हमने इसकी तैयारियों को लेकर व्यापक समीक्षा की है। अबतक का अपडेट--
सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने मंगलवार को सभी निजी रेडियो और टीवी चैनलों से कहा कि वे चीन में कोरोना वायरस तथा इसके कुछ अन्य देशों में प्रसार को लेकर स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी यात्रा परामर्श का पर्याप्त प्रचार करें। भारत में कोरोना वायरस के दो नए मामले सामने आने के एक दिन बाद स्वास्थ्य मंत्रालय ने मंगलवार को यात्रा परामर्श जारी किया है और तीन मार्च या उससे पहले इटली, ईरान, दक्षिण कोरिया, जापान के उन नागरिकों को दिये गए वीजा/ई-वीजा को निलंबित करने का फैसला किया है जिन्होंने अब तक भारत में प्रवेश नहीं किया है। परामर्श में जापान और दक्षिण कोरिया के उन नागरिकों को तीन मार्च तक जारी आगमन पर वीजा (वीओए) को भी निलंबित किया गया है जो अब तक भारत नहीं पहुंचे हैं।
कैबिनेट सचिव ने कोरोनावायरस की ताजा स्थिति, एहतियात और उपाय को लेकर बैठक बुलाई। इस बैठक में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण सचिव प्रीती सूदन, संयुक्त सचिव लव अग्रवाल, निदेशक पी रवीन्द्रन समेत तमाम अधिकारी मौजूद रहे। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. हर्षवर्धन कोरोना वायरस से निबटने के लिए किए जाने वाले उपायों के लिए लगातार संवेदनशील हैं। सूत्र बताते हैं कि केंद्र सरकार इस मामले में ताजा स्थिति को देखते हुए कोई बड़ा कदम उठा सकती है।
ईरान की राजधानी तेहरान से हफ्ते भर पहले भारत लौटे 32 वर्षीय सैन्य अधिकारी को कोरोना वायरस संक्रमण के संदेह में इंदौर में नजदीकी महू छावनी के सैन्य अस्पताल में मंगलवार को भर्ती किया गया। समेकित रोग निगरानी कार्यक्रम (आईडीएसपी) के जिला प्रभारी डॉ. संतोष सिसोदिया ने बताया कि 32 साल के सैन्य अधिकारी के स्वास्थ्य की महू छावनी के सैन्य अस्पताल में जांच की गई है। उन्होंने गले में खराश की शिकायत की है। सिसोदिया ने बताया कि सैन्य अधिकारी तेहरान से 25 फरवरी को भारत लौटे थे। उनकी हालत ठीक है। उन्हें महू के सैन्य अस्पताल में सावधानी के तौर पर अलग वॉर्ड में चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है।
दिल्ली के होटल में ठहरे 3 भारतीय और इटली के 21 नागरिकों की जांच
ट्विटर ने दुनिया भर में तैनात अपने कर्मचारियों को घातक कोरोना वायरस के खतरे से बचाने के लिए सोमवार से घर से ही काम करने को कहा है। पिछले साल दिसंबर में चीन के वुहान शहर से फैले कोरोना वायरस से अबतक 3,100 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है जबकि 90 हजार से अधिक लोग संक्रमित हुए हैं। संक्रमण बढ़ने की आशंका को देखते हुए यात्रा प्रतिबंध लगाए गए हैं। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ने संक्रमण से प्रभावित देशों में अपने कर्मचारियों को घर से काम करने के लिए कहा है। सोमवार के ब्लॉग पोस्ट में ट्विटर की मानव संसाधन प्रमुख जेनिफर क्रिस्टी ने कहा, हम विश्व स्तर पर सभी कर्मचारियों को घर से काम करने के लिए प्रोत्साहित कर रहे हैं।
इरान में अबतक 77 की मौतभारत में कोरोना वायरस के दो ताजा मामले सामने आने के एक दिन बाद केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने मंगलवार को एक यात्रा परामर्श जारी करके तीन मार्च को या उससे पहले इटली, ईरान, दक्षिण कोरिया, जापान के उन नागरिकों को जारी नियमित वीजा या ई वीजा निलंबित कर दिया जिन्होंने अभी तक भारत में प्रवेश नहीं किया है। साथ ही परामर्श में तीन मार्च तक जापान और दक्षिण कोरिया के नागरिकों को जारी आगमन पर वीजा (वीओए) निलंबित कर दिया है, जिन्होंने अभी तक भारत में प्रवेश नहीं किया है। परामर्श में कहा गया है कि जिन लोगों के भारत की यात्रा करने के न टाल सकने वाले कारण हैं वे निकटतम भारतीय दूतावास या वाणिज्य दूतावास से सम्पर्क कर सकते हैं। यह परामर्श निलंबन को तत्काल प्रभाव से लागू करता है।
पीएम मोदी ने की बैठक
वहीं, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कोरोनावायरस से निपटने की तैयारियों पर स्वास्थ्य मंत्री सतेंद्र जैन और सरकारी अधिकारियों की तत्काल बैठक बुलाई है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कोरोना वायरस से निपटने के लिए सरकार की तैयारियों को लेकर मंगलवार अपराह्न तीन बजे स्वास्थ्य मंत्री सत्येन्द्र जैन और अन्य शीर्ष अधिकारियों की आपात बैठक बुलाई।
अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रीय राजधानी में कोरोना वायरस के एक मामले की सोमवार को पुष्टि होने के बाद यह बैठक बुलाई गई है। उन्होंने कहा कि मुख्य सचिव विजय कुमार देव और स्वास्थ्य मंत्रालय के शीर्ष अधिकारी बैठक में उपस्थित रहेंगे और सरकार को तैयारियों के बारे में बताएंगे।
1,000 कंपनियों को अलर्ट जारी
कोरोनावायरस के खतरे को देखते हुए गौतमबुद्ध नगर जिला प्रशासन ने अलर्ट जारी किया है और यहां स्थित 1,000 से अधिक देशी-विदेशी कंपनियों को कोरोनावायरस अलर्ट का नोटिस दिया गया है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी गौतमबुद्ध नगर अनुराग भार्गव ने बताया कि नोटिस में सभी कंपनियों से कहा गया है कि यदि उनका कोई कर्मचारी विदेश गया है तो उसके भारत लौटने पर स्वास्थ्य विभाग को इसकी सूचना दी जाए। सीएमओ ने बताया कि ईरान, सिंगापुर, चीन समेत 13 देशों से लौटने वाले लोगों की जांच का आदेश दिया गया है। गौरतलब है कि नोएडा में चीन, जापान, कोरिया, इटली, जर्मनी की कई नामी कंपनियां हैं।
राजस्थान में सीएम ने की उच्च स्तरीय बैठक
जयपुर में कोरोनावायरस से संक्रमित एक मरीज के पुष्ठि के बाद मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने अपने निवास पर उच्च स्तरीय बैठक की। गहलोत ने स्वास्थ्य अधिकारियों को बीमारी को लेकर केंद्र सरकार के दिशानिर्देशों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिया। सीएम ने कहा कि किसी भी व्यक्ति में इस वायरस से संबंधित कोई लक्षण नजर आए तो उसकी पूरी स्क्रीनिंग करवाई जाए। उन्होंने कहा कि चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग यह सुनिश्चित करे कि कोरोनावायरस को लेकर जनता में किसी तरह का भय न हो। विभाग पूरी मेडिकल सुविधाएं उपलब्ध कराए ताकि स्क्रीनिंग से लेकर इलाज में भी कोई कमी नहीं आए।
आगरा में छह लोगों में लक्षण
आगरा में एक ही परिवार के छह लोगों में कोरोनावायरस के लक्षण दिखे हैं। सोमवार को परिवार के 13 सदस्यों के नमूने लिए गए थे। मंगलवार को रिपोर्ट में वायरस के लक्षण मिले।आगरा निवासी जूता कारोबारी दो भाई अपने दिल्ली निवासी रिश्तेदार के साथ इटली की यात्रा से 25 फरवरी को लौटे हैं। सोमवार को दिल्ली में मिला कोरोनावायरस से संक्रमित युवक इनका रिश्तेदार है।
26 दवाओं के निर्यात पर प्रतिबंध
भारत ने सोमवार को ईरानी नागरिकों को जारी किए गए वीजा या ई-वीजा को रद्द करने का फैसला किया था। स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर हर्षवर्धन ने कहा था कि जैसे-जैसे स्थिति बदल रही है, हम अन्य देशों पर भी यात्रा प्रतिबंध लगाने पर विचार कर सकते हैं। मौजूदा यात्रा एडवाइजरी के अंतर्गत चीन और ईरान के ई-वीजा समेत सभी तरह के वीजा को निलंबित किया जा चुका है।
दिल्ली में कोरोनावायरस से संक्रमित पाया गया युवक हाल ही में एयर इंडिया के विमान से आया था। जिस विमान से वह आया था उसके क्रू मेंबर को 14 दिनों तक निगरानी में रहने की अपील की गई है। अधिकारियों ने कहा कि इस बीच अगर उनमें कोरोना के लक्षण नजर आते हैं तो वे तत्काल डॉक्टर से संपर्क करें। ऑस्ट्रिया की राजधानी वियना से 25 फरवरी को एयर इंडिया की फ्लाइट नई दिल्ली आई थी। इसमें संक्रमित युवक ने उड़ान भरी थी। इससे पहले संक्रमित यात्री ने इटली की भी यात्रा की थी।