दुनिया के कई देशों में कोरोना वायरस के खिलाफ टीकाकरण अभियान शुरू हो गया है। ऐसे में इस बात की उम्मीद लगाई जा रही है कि अगले साल तक हालात सामान्य हो जाएंगे। कोरोना के चलते लोगों के जीवन में बदलाव देखने को मिला है।
मास्क और सुरक्षित शारीरिक दूरी के साथ न्यू नॉर्मल में शामिल होने के लिए एक अन्य चीज हाल के दिनों में उभरती हुई नजर आ रही है। अमेरिकी न्यूज एजेंसी सीएनएन की रिपोर्ट के अनुसार, ये चीज है वैक्सीन पासपोर्ट आवेदन।
नाम से ही पता चलता है कि यह मोबाइल एप की तरह होने वाला है, जिसमें इस बात की जानकारी होगी कि यूजर कोरोना निगेटिव है। कॉन्सर्ट वेन्यू, स्टेडियम, सिनेमाघर, कार्यालय और यहां तक कि किसी देश में प्रवेश के लिए यह एप यूजर के एक पासपोर्ट की तरह काम करेगा। हालांकि, विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने कहा है कि हो सकता है ये पासपोर्ट संक्रमण को रोकने में सहायता ना प्रदान करें, इसलिए हमेशा ही वायरस की दूसरी लहर की संभावना रहेगी।