देश में कोरोना वायरस के मामले बढ़ते जा रहे हैं। वहीं नए साल पर कोरोना वैक्सीन आने की उम्मीद है। इसी कड़ी में बुधवार को भारत में वैक्सीन निर्माताओं में से एक सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (एसआईआई) के टीके को आपातकालीन मंजूरी देने के लिए ड्रग्स कंट्रोलर ऑफ इंडिया (डीसीआई) के विशेषज्ञ पैनल द्वारा बैठक की जा रही है। यूके में वैक्सीन को मंजूरी मिलने पर एसआईआई के कार्यकारी अधिकारी अदार पूनावाला ने कहा कि यह अच्छी खबर है।
यह फैसला ऐसे समय पर लिया गया है जब ब्रिटेन की बोरिस जॉनसन सरकार ने देश में कोरोना वैक्सीन कोवीशील्ड को आपातकालीन उपयोग की अनुमति दे दी है। इस वैक्सीन को ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी और एस्ट्राजेनेका ने मिलकर तैयार किया है। भारत में पुणे की सीरम इंस्टिट्यूट ऑफ इंडिया इस वैक्सीन का निर्माण कर रही है।
यह भी पढ़ें- कोरोना: ब्रिटेन में ऑक्सफोर्ड वैक्सीन को मिली अनुमति, भारत में भी जल्द मंजूरी की संभावना बढ़ी
एक सरकारी अधिकारी का कहना है कि ड्रग्स कंट्रोलर ऑफ इंडिया (डीसीआई) की विषय विशेषज्ञ समिति (एसईसी) कोविड-19 वैक्सीन के आपातकालीन उपयोग अनुमोदन के लिए सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया के आवेदन पर विचार करने के लिए बैठक बैठक कर रही है।
सेंट्रल ड्रग्स स्टैंडर्ड कंट्रोल ऑर्गनाइजेशन (सीडीएससीओ) ने भारत में एसआईआई को आपातकालीन उपयोग के लिए स्वीकृति देने से पहले विदेशों में नैदानिक मूल्यांकन के सुरक्षा और इम्युनोजेनेसिटी डाटा की मांग की थी। एसईसी ने सिफारिश की थी कि कंपनी को ब्रिटेन और भारत में दूसरे और तीसरे चरण के नैदानिक परीक्षणों का एक अद्यतन सुरक्षा डाटा प्रस्तुत करना चाहिए।
भारत में कोविशील्ड को आपात अनुमति मिलने की उम्मीद
ब्रिटेन में वैक्सीन को मिली अनुमति सीरम इंस्टीट्यूट के लिए एक बहुत बड़ी उपलब्धि है, क्योंकि वह भारत में टीका बनाने वाले शीर्ष तीन निर्माताओं में से एक है। सीरम पहले ही ड्रग कंट्रोलर जनरल ऑफ इंडिया के पास विनियामक अनुमोदन के लिए आवेदन कर चुका है, लेकिन अभी तक इसे टीके के लिए अनिवार्य अनुमोदन प्राप्त नहीं हुआ है। ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि उसे आज की बैठक में मंजूरी दी जा सकती है।