देश में कोरोना वायरस को हराने के लिए साल की शुरुआत में टीकाकरण कार्यक्रम की शुरुआत की जा चुकी है। अब जल्द ही टीकाकरण के दूसरे चरण की शुरुआत होगी। इसमें 60 वर्ष और उससे अधिक उम्र के लगभग 27 करोड़ लाभार्थियों को कोविड-19 का टीका लगाया जाएगा। इस चरण को दो समूहों में बांटा गया है। एक समूह को मुफ्त टीका लगेगा जबकि दूसरे समूह को टीके के लिए भुगतान करना होगा।
सूत्र ने कहा, 'किसे मुफ्त में वैक्सीन मिलेगी और किसे इसका खर्च वहन स्वयं करना होगा, इसके बारे में जल्द ही अंतिम विवरण साझा किया जाएगा।' बता दें कि टीकाकरण के पहले चरण की शुरुआत 16 जनवरी से हुई थी। इसमें केंद्र सरकार ने स्वास्थ्य और प्राथमिक कर्मियों के प्राथमिकता समूहों को टीका लगाने का पूरा खर्च खुद उठाया था।
अधिकारियों ने कहा कि टीकाकरण का अगला चरण 'मार्च के पहले हफ्ते' में शुरू होगा। उन्होंने कहा, 'प्राथमिकता समूह 50 वर्ष और उससे अधिक वाला होगा। इस समूह के अंदर 60 वर्ष और उससे अधिक को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्हें पहले पंजीकरण करवाना होगा।' सूत्रों ने कहा कि अगले चरण में स्व-पंजीकरण करते समय लाभार्थियों द्वारा दी गई जानकारी को मतदाता सूची और आधार के डाटा के आधार पर जांचा जाएगा।
इसी बीच केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने राज्यों को टीकाकरण की गति बढ़ाने और हर हफ्ते कम से कम चार दिन टीकाकरण करने के लिए पत्र लिखा है। पत्र में उन्होंने कहा है कि सभी सार्वजनिक स्वास्थ्य सुविधाओं को कोल्ड चेन प्वाइंट्स में मैप (खाका तैयार करना) किया जा रहा है, इन्हें राज्यों द्वारा अंतिम रूप दिया जा रहा है।