स्वास्थ्य मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, देश में 15 फरवरी के बाद से कोरोना के सक्रिय मरीजों की संख्या में तेजी से इजाफा हुआ है। राहत की बात ये है कि लगातार दूसरे दिन ठीक होने वाले मरीजों की संख्या तीन लाख से ज्यादा है। पिछले 24 घंटे में 3,20,289 कोरोना मरीज स्वस्थ होकर अपने घर लौट गए हैं, जबकि इससे एक दिन पहले 3,00,732 ठीक हुए थे। इसके साथ ही देश में अब तक 1,66,13,292 मरीज कोरोना वायरस को मात देने में कामयाब हुए हैं। रोजाना के आधार पर दर्ज होने वाले नए कोरोना केसों की तुलना में ठीक होने वाले मरीजों की संख्या कम है। फिलहाल, देश में सक्रिय मामले बढ़कर 34,47,133 पहुंच गए हैं। सक्रिय मामलों की संख्या अमेरिका के बाद सबसे अधिक भारत में है।
टीकाकरण: कल 17.34 लाख लोगों को लगा कोविड टीका
देश में दुनिया का सबसे बड़ा टीकाकरण अभियान जारी है। अब तक 15,89,32,921 लोगों का टीकाकरण किया जा चुका है। इनमें से 17,34,714 लोगों का टीकाकरण मंगलवार को हुआ।
बता दें कि 1 मई से कोविड टीकाकरण का तीसरा चरण शुरू हो चुका है। इसमें 18 साल से ऊपर के लोगों को कोविड का टीका लगाया जा रहा है। हालांकि, अभी यह सभी राज्यों में शुरू नहीं हुआ है।