फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

देश के अलग-अलग राज्यों में सख्ती बढ़ी, पंजाब में 14 तक कर्फ्यू, भीलवाड़ा में महाकर्फ्यू

Tue, 31 Mar 2020 02:08 AM IST
योगेश साहू न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
कर्फ्यू - फोटो : Amar Ujala
विज्ञापन
विभिन्न राज्यों ने लॉकडाउन को लेकर सख्ती बढ़ा दी है। पंजाब सरकार ने कर्फ्यू की समयसीमा 31 मार्च से 14 अप्रैल तक बढ़ा दी है। उधर, राजस्थान के भीलवाड़ा में जिला प्रशासन ने 3 अप्रैल से 20 अप्रैल तक महाकर्फ्यू लगा दिया है। भीलवाड़ा के कलेक्टर ने चेताया है कि कोई अगर घर से निकला तो पुलिस अपना काम करेगी। 
विज्ञापन


इसी तरह मध्यप्रदेश के इंदौर में प्रशासन ने एक अप्रैल तक सब कुछ बंद कर दिया है। इंदौर के कलेक्टर मनीष सिंह ने कहा कि इस पूर्ण लॉकडाउन का किसी ने भी उल्लंघन किया तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई होगी।

इस फैसले के बाद गरीब और असहाय लोगों को खाना बांटने वाले लोगों को भी मदद करने के लिए जारी किए पास निरस्त कर दिए गए। ये काम अब स्थानीय प्रशासन खुद संभालेगा। दूध बांटने वालों को शाम के समय दो घंटे की छूट दी जाएगी।
विज्ञापन


ईरान से जोधपुर लौटे सात लोग संक्रमित
राजस्थान के जोधपुर में ईरान से लाए गए सात लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आने से हड़कंप मच गया। ईरान से 552 लोगों को पिछले हफ्ते जोधपुर लाया गया था, जिसमें 484 को जैसलमेर में सेना के क्वारंटीन कैंप में रखा गया है। गरीबों में जरूरी सामान बांटा गया।

हरियाणा की सड़कों पर अब दिखा सन्नाटा
लॉकडाउन की घोषणा के बाद भी लोग सड़कों पर दिख रहे थे लेकिन रविवार को केंद्र के निर्देश पर सख्ती बढ़ी तो सड़कों पर सन्नाटा पसर गया। गुरुग्राम, फरीदाबाद, सोनीपत, रेवाड़ी और झज्जर में पुलिस ने जगह-जगह बैरिकेडिंग कर नाकेबंदी कर दी।

मुंबई में कोरोना से मौत पर दाहसंस्कार का आदेश  विरोध हुआ तो रद्द किया

बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के आयुक्त प्रवीण परदेशी ने सोमवार को आदेश जारी किया कि अगर कोरोना संक्रमण से किसी की मौत होती है तो उसका दाहसंस्कार ही करना होगा, भले वह किसी भी धर्म का हो, शव दफनाया नहीं जा सकेगा। लेकिन विरोध होने पर एक घंटे के अंदर इस आदेश को वापस लेना पड़ा।

सूरत: सड़कों पर उमड़ी भीड़ रोका तो पुलिस से भिड़ गए
गुजरात के सूरत में 500 से अधिक की संख्या में लोग लॉकडाउन के बीच सड़कों पर उतर गए और पुलिस से भीड़ गए। ये सभी फैक्ट्री में काम करते हैं और अपने घर जाने के लिए निकले थे। पुलिस ने इन्हें रोका तो पुलिस पर हमला कर दिया।

पुलिस ने भीड़ को तीतर-बीतर करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े तब जाकर लोग पंदेसारा में खदेड़ा गया जहां ये बस्ती में रहते हैं। इस घटना में पुलिस के तीन वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। पुलिस ने इस मामले में 96 लोगों को दंगा फैलाने के आरोप में गिरफ्तार किया है। 

बिहार: लोगों को सीमा पर ही रोका, निगरानी में रहेंगे

दिल्ली समेत अन्य शहरों से अपने घर जाने के लिए निकले लोगों को बिहार सीमा पर ही रोक दिया गया है। सीमा पर बनाए गए राहत शिविर कैंप में सभी को जरूरी एहतियात के साथ रखा गया है। जानकारी के अनुसार करीब ढ़ाई हजार लोगों को निगरानी में रखा गया है। इसके  अलावा विदेश से बिहार लौटे 3500 लोगों की लिस्त तैयार की गई है जिनकी तलाश जल्द शुरू होगी।

कर्नाटक: क्वारंटीन लोग हर दिन 14 सेल्फी भेजें
कर्नाटक सरकार ने क्वारंटीन में रह रहे लोगों से हर दिन हर घंटे एक सेल्फी के निर्देश दिए हैं। ये सिलसिला पूरे 14 दिन तक चलेगा। चिकित्सा शिक्षा मंत्री डॉ. के सुधाकर के आदेश में कहा गया है कि इससे क्वारंटीन में रह रहे लोगों की निगरानी होगी। इसके अलावा मनमानी करने वाले लोगों की पहचान होगी। खास बात ये है कि हर सेल्फी का सत्यापन होगा। गड़बड़ी पाने पर लोगों को क्वारंटीन कैंप में स्थानांतरित किया जाएगा।

मालवाहक विमानों पर राज्यों से तालमेल

नागरिक उड्डयन मंत्रालय चिकित्सा उपकरणों और उससे जुड़ी जरूरी सामग्रियों को पहुंचाने के लिए मालवाहक विमानों की उड़ान के लिए राज्य सरकारों के साथ तालमेल कर रहा है। लॉकडाउन के कारण अभी सभी घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द हैं। एक अधिकारी ने बताया कि एयर इंडिया और एलाएंस एयर को आपूर्ति को बहाल रखने के लिए संचालित किया जा रहा है।

20 हजार रेल डिब्बों को आइसोलेशन वार्ड बनाने की तैयारी 
करीब 20 हजार रेल डिब्बों को आइसोलेशन वार्ड में बदला जा सकता है। महाप्रबंधकों को दिए पत्र में रेलवे बोर्ड ने कहा, शुरुआत में 5 हजार कोच को आइसोलेशन वार्ड में बदला जाएगा। सभी जोन इसकी तैयारी शुरू कर दें। बोर्ड ने कहा, रेलवे ने सैन्य चिकित्सा सेवा, विभिन्न विभागों के साथ विचार विमर्श कर लिया है। 
विज्ञापन

ड्यूटी ज्वाइन करने के लिए कांस्टेबल ने तय किया 450 किमी का सफर 

देशव्यापी लॉकडाउन के बीच मध्य प्रदेश के एक पुलिस कांस्टेबल को ड्यूटी ज्वाइन करने के लिए 450 किलोमीटर का सफर पैदल तय करना पड़ा। यूपी के इटावा के रहने वाले दिग्विजय शर्मा को मध्य प्रदेश के राजगढ़ तक अपने सफर में कई लोगों से मोटरसाइकिल पर लिफ्ट भी लेनी पड़ी।

22 वर्षीय दिग्विजय ने बताया, मैं इटावा अपनी स्नातक की परीक्षा देने के लिए 16 से 23 मार्च तक छुट्टी पर था, जो लॉकडाउन के कारण स्थगित हो गई। मैंने अपने अधिकारी व पुलिस स्टेशन पचौर के प्रभारी निरीक्षक से फोन पर संपर्क किया और ड्यूटी ज्वाइन की।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें