महाराष्ट्र में कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए राज्य सरकार दिल्ली और मुंबई के बीच उड़ानों और ट्रेनों पर रोक लगाने पर विचार कर रही है। हालांकि, इस संबंध में सरकार ने कोई आधिकारिक एलान नहीं किया है। लेकिन, माना जा रहा है कि यह आदेश जल्द ही जारी किया जा सकता है। दिल्ली में कोरोना के एकाएक बढ़े मामलों के कारण महाराष्ट्र सरकार इस बारे में विचार कर रही है।
वहीं, मुंबई में बृहन्मुंबई महानगरपालिका ने निर्णय लिया है कि उसके अंतर्गत आने वाले सभी स्कूल 31 दिसंबर तक नहीं खुलेंगे। मुंबई की मेयर किशोरी पेडनेकर ने इस संबंध में कहा कि यह फैसला कोरोना वायरस संक्रमण के मामलों की बढ़ती संख्या को देखते हुए लिया गया है। उल्लेखनीय है कि पहले राज्य सरकार ने नौवीं से 12वीं तक के स्कूलों को 23 नवंबर से खोलने का फैसला किया था।
राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली में कोरोना की गंभीर स्थिति बनी हुई है। केंद्र और राज्य सरकारें मिलकर इससे निपटने के प्रयास कर रही हैं। इसी क्रम में शुक्रवार से यहां घर-घर सर्वेक्षण शुरू हो गया। इसके अलावा यहां रैंडम जांच भी की जा रही है। हालांकि, दिल्ली सरकार ने भी लॉकडाउन की आशंका से इनकार किया है, लेकिन माना जा रहा है कि स्थिति ऐसी ही रही तो बड़े बाजार बंद किए जा सकता हैं।
इससे पहले गुरुवार को दिल्ली सरकार ने मास्क न पहनने वालों पर रोक लगाने के लिए जुर्माने की राशि बढ़ा दी थी। सरकार ने कहा था कि मास्क न पहनकर सार्वजनिक स्थानों पर जाने वाले लोगों को दो हजार रुपये का जुर्माना वसूला जाए। पहले यह राशि 500 रुपये थी। इसके साथ ही निजी अस्पतालों के 80 फीसदी आईसीयू व 60 फीसदी सामान्य बेड कोरोना मरीजों के लिए आरक्षित कर दिए गए हैं।
गुजरात में कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों से निपटने के लिए तीन बड़े शहरों में रात्रि कर्फ्यू लगाने का निर्णय किया गया है। राज्य के उपमुख्यमंत्री नितिन पटेल ने शुक्रवार को कहा कि 21 नवंबर से राजकोट, सूरत और वडोदरा में रात नौ बजे से सुबह छह बजे तक कर्फ्यू रहेगा। इसके अलावा अहमदाबाद में 20 नवंबर की रात नौ बजे से 23 नवंबर की सुबह छह बजे तक कर्फ्यू लगाने का फैसला किया गया है।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के पड़ोसी राज्य हरियाणा में छात्र-छात्राओं के कोरोना संक्रमित पाए जाने के बाद स्कूलों को बंद करने का फैसला किया गया है। राज्य के शिक्षा मंत्री कंवर पाल ने शुक्रवार को कहा कि राज्य के विभिन्न स्कूलों में करीब 172 छात्र-छात्राएं और इतने ही शिक्षक कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इसलिए अगले 15 दिन के लिए स्कूलों को बंद किया जा रहा है और जांचों की संख्या बढ़ाई जा रही है।
राजस्थान में कोरोना वायरस संक्रमण की स्थिति को नियंत्रित करने के लिए जिलों को सीआरपीसी की धारा 144 के तहत प्रतिबंध लागू करने की सलाह दी गई है। समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार राज्य के गृह विभाग ने जिला प्रशासनों को सलाह दी है कि राज्य में कोविड-19 के बढ़ते मामलों को देखते हुए जरूरत पड़ने पर वह सीआरपीसी की धारा 144 के तहत विभिन्न प्रतिबंध लागू कर सकते हैं।