कोरोनावायरस के कहर से चीन में हाहाकार मचा हुआ है। इस खतरनाक वायरस से चीन में अबतक 259 लोगों की मौत हो गई है और 11,791 लोग संक्रमित हैं। यहां रहने वाले दूसरे देश के नागरिक शहर छोड़कर अपने देश लौटना चाह रहे हैं। इसी बीच भारत ने भी अपने नागरिकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उन्हें एयरलिफ्ट करने का फैसला लिया। एअर इंडिया ने कहा कि वुहान से भारतीयों को निकालने के लिए एक और विमान शनिवार दोपहर एक बजकर 37 मिनट पर दिल्ली से वुहान के लिए रवाना हुआ।
प्रवक्ता ने बताया कि पहली उड़ान के साथ रहे राम मनोहर लोहिया अस्पताल के पांच चिकित्सक दूसरी उड़ान के दौरान भी साथ हैं, लेकिन चालक दल के सदस्य और विमान अलग है। बचाव टीम की अगुवाई एक बार फिर एअर इंडिया के परिचालन निदेशक, कैप्टन अमिताभ सिंह कर रहे हैं।
बता दें कि शुक्रवार को दिल्ली से दोपहर दोपहर एक बजकर 20 मिनट पर वुहान हवाईअड्डे के लिए रवाना किया गया था। जिसमें राम मनोहर लोहिया अस्पताल के पांच डॉक्टरों की टीम, एक पैराचिकित्सक, कॉकपिट चालक दल के पांच सदस्य और कैबिन चालक दल के 15 सदस्य थे। एअर इंडिया के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक अश्वनी लोहानी ने कहा कि विमान में यात्रियों को किसी तरह की सेवा नहीं दी जाएगी। जो भी खाद्य पदार्थ होंगे वह सीट पॉकेट में रखे होंगे। चालक दल के सदस्यों और यात्रियों के बीच बातचीत भी नहीं होगी। उन्होंने कहा कि चालक दल के सदस्यों और यात्रियों के लिए मास्क का प्रबंध किया गया है। हमने चालक दल के सदस्यों के लिए सुरक्षा कवच का भी प्रबंध किया है।