प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को घर में पृथक रहने के संबंध में स्वास्थ्य मंत्रालय के दिशानिर्देश ट्विटर पर साझा किए। मोदी ने दिशानिर्देश जारी करते हुए लिखा, ‘यहां कुछ महत्वपूर्ण सूचना है। इसे पढ़ें।’
स्वास्थ्य मंत्रालय का कहना है कि घर पर पृथक रखने का उद्देश्य ‘आपको और आपके प्रियजनों की रक्षा करना है।’ दिशानिर्देश के अनुसार जिन्हें घर पर पृथक रखा गया है उन्हें एक ऐसे एकल कमरे में रहना चाहिए जो कि हवादार हो और उससे उससे लगा हुआ शौचालय हो या फिर उनके लिए अलग शौचालय हो।
यदि परिवार के किसी अन्य सदस्य को उसी कमरे में रहना जरूरी हो, तो यह सलाह दी जाती है कि दोनों के बीच कम से कम एक मीटर की दूरी हो। घर में पृथक रखे गए व्यक्तियों को वृद्ध, गर्भवती महिलाओं, बच्चों और किसी बीमारी से पीड़ित व्यक्तियों से दूर रहना चाहिए क्योंकि उनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता कम हो सकती है।
पश्चिम बंगाल सरकार ने कहा है कि राज्य में सभी सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त, निजी शिक्षण संस्थान - स्कूल, कॉलेज, विश्वविद्यालय, मदरसे, शिशु शिक्षा केंद्र और मध्यम शिक्षा केंद्र 16 से 31 मार्च तक बंद रहेंगे। बोर्ड परीक्षाएं अनुसूची के अनुसार आयोजित की जाएंगी।
गोवा में स्कूल, कॉलेज, कसिनो, बोट क्रूज और डिस्को क्लब बंद
गोवा के सीएम प्रमोद सावंत ने कहा कि राज्य में 31 मार्च तक सभी स्कूल, कॉलेज, कसिनो, बोट क्रूज और डिस्को क्लब बंद रहेंगे। हालांकि, सीनियर सेकेंडरी सर्टिफिकेट (एसएससी) और हायर सेकेंडरी स्कूल सर्टिफिकेट (एचएसएससी) परीक्षाएं शेड्यूल के अनुसार आयोजित की जाएंगी।
कर्नाटक में बस के कंडक्टर और ड्राइवर ने यात्रियों को फ्री में बांटे मास्क
कर्नाटक में एक बस के कंडक्टर एमएल नदाफ और ड्राइवर एचटी मयनावर ने यारगुप्पी से हुबली जाने वाली बस में यात्रा करने वाले यात्रियों को फ्री में मास्क बांटे। उन्होंने अपने पैसों से यह मास्क खरीदे। नदाफ ने कहा कि हमने यह पहल की क्योंकि लोग कोरोनो वायरस की वजह से यात्रा करने से बच रहे हैं। मैं सरकार से मुफ्त में मास्क बांटने का अनुरोध करता हूं।
सरकारी अस्पताल से भागे पांच संदिग्ध मरीजों में से तीन आए वापस
नागपुर में कोरोना वायरस के चार संदिग्धों समेत पांच लोग एक सरकारी अस्ताल से भाग गए। हालांकि, उनमें से तीन लोग वापस अस्पतला आ गए हैं। अब आइसोलेशन वार्ड के बाहर पुलिस तैनात रहेगी।पांच संदिग्ध मरीजों को अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में रखा गया था। पांचों में से एक व्यक्ति की रिपोर्ट निगेटिव आई थी जबकि चार की रिपोर्ट आनी बाकी थी। पांचो लोग कैंटीन में कुछ खाने के लिए गए थे जहां से वो अपने घरों के लिए भाग गए।