इस सप्ताह के अंत तक मिल सकती है कामयाबी
नई दिल्ली स्थित भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद ने भी पुष्टि की है कि वैज्ञानिकों की एक टीम ओमिक्रॉन को पृथक करने में जुटी है। इसी सप्ताह के अंत तक इसमें कामयाबी मिल सकती है। एक वरिष्ठ अधिकारी का यहां तक कहना है कि वायरस पृथक करने में हमारे वैज्ञानिकों के पास अब पर्याप्त अनुभव है जिससे इस बार भी कामयाबी मिलेगी।
24 घंटों में कोरोना के सामने आए 6,822 मामले
देश में ओमिक्रॉन के खतरे के बीच कोरोना के मामले लगातार कम हो रहे हैं। पिछले 24 घंटे में कोरोना के 6,822 मामले सामने आए हैं। कोरोना के दैनिक मामलों में कल के मुकाबले 17.8 फीसदी की कमी दर्ज की गई है। पिछले 24 घंटे के दौरान देश में 95,014 सक्रिय मामले रह गए हैं। बीते 24 घंटे के दौरान कोरोना से ठीक होने वालों की संख्या 10,004 रही। कोरोना को कुल 3,40,79,612 लोग मात दे चुके हैं। देश में कोरोना से बीते 24 घंटे के दौरान 220 लोगों को जान गंवानी पड़ी है। देश में कोरोना से होने वाली मौतों की संख्या 4,73,757 हो गई है।