फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कोरोना: पहली बार एक दिन में 221 संक्रमित, ICMR ने कहा- भारत तीसरे चरण से अभी दूर

Sun, 29 Mar 2020 06:30 AM IST
योगेश साहू अमर उजाला ब्यूरो, नई दिल्ली।
विज्ञापन
कोरोना वायरस - फोटो : PTI
विज्ञापन

देश में पहली बार शनिवार को एक ही दिन में 30 फीसदी से ज्यादा यानी 221 कोरोना संक्रमित बढ़ गए। शुक्रवार तक 724 मरीज थे, जो 24 घंटे में बढ़कर 1000 के पार हो गए। इससे पहले, 21 मार्च को एक ही दिन में तुलनात्मक 40 फीसदी यानी 92 मरीज बढ़े थे। मरने वालों की संख्या भी बढ़कर 24 हो गई।

विज्ञापन


इसके बाद भी राहत की खबर यह है कि फिलहाल भारत संक्रमण के तीसरे चरण में नहीं है। भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के वैज्ञानिक डॉ. रमन आर गंगाखेड़कर ने संक्रमण के सामुदायिक प्रसार से स्पष्ट इनकार किया है।

उन्होंने कहा, अलग से रैंडम सैंपलिंग जरूरी नहीं है। अभी तक कोरोना के सामुदायिक प्रसार के कोई सुबूत नहीं मिले हैं। लगातार नए लैब मंजूर किए जा रहे हैं। अमेरिका से पांच लाख से ज्यादा किट आ चुके हैं।
विज्ञापन


डॉक्टरों को ऑनलाइन ट्रेनिंग
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने बताया कि दिल्ली एम्स में कोरोना केंद्र बनाया गया है, जहां से देशभर के डॉक्टरों व नर्सिंग स्टाफ को ऑनलाइन ट्रेनिंग की शुरुआत की गई है।

संक्रमण के तीसरे चरण का खतरा बढ़ा

भारत कोरोना वायरस के सामुदायिक संक्रमण के मुहाने पर खड़ा है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय और भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) ने हालांकि कहा है कि देश में सामुदायिक संक्रमण के अब तक कोई सबूत नहीं मिले हैं, लेकिन संक्रमित लोगों की संख्या तेजी से बढ़ रही है।

इसे ध्यान में रखते हुए केंद्र सरकार संभावित परिस्थितियों से मुकाबले की तैयारियों में लग गई है। देश के स्वास्थ्य क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत बनाने के साथ राज्यों में संक्रमित मरीजों के लिए विशेष अस्पताल बनाए जा रहे हैं। वेंटिलेटर मंगाए जा रहे हैं और संक्रमण से मुकाबले के लिए रेलवे और सेना के संसाधनों के इस्तेमाल की योजना बनाई जा रही है। ब्यूरो

सेना के 28 अस्पताल तैयार

सेना ने 28 सर्विस हॉस्पिटल तैयार किए हैं। इसके अलावा सेना के पांच अस्पतालों में संक्रमण के लैब टेस्टिंग का काम पहले से चल रहा है। भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड को वेंटिलेटर उत्पादन की जिम्मेदारी दी गई है।

वहीं, डीआरडीओ स्वास्थ्यकर्मियों के लिए सुरक्षित सूट के साथ संक्रमण को रोकने के प्रयास में लगी एजेंसियों को सैनिटाइजर और फेस मास्क उपलब्ध करा रहा है। रेलवे भी अपनी ओर से इस काम की तैयारियों में लगा है। उसने ट्रेन के सामान्य कोच में आइसोलेशन वार्ड तैयार किया है।

निजी अस्पताल भी अपनी सुविधाएं बेहतर बनाने के साथ कोरोना वायरस के लिए विशेष टीमें बना रहे हैं। मैक्स हेल्थकेयर के ग्रुप मेडिकल डायरेक्टर संदीप बुद्धिराजा ने बताया कि ग्रेटर नोएडा यूनिट में कोरोना वायरस मरीजों के लिए अलग से सुविधाएं विकसित की गई हैं।

इसमें 200 बेड, 40 आईसीयू बेड और 160 वार्ड हैं। मैक्स के साकेत और पटपड़गंज स्थित अस्पतालों के साथ बीएलके अस्पताल में संक्रमित मरीजों के लिए अलग वार्ड तैयार किए गए हैं। अपोलो हॉस्पिटल्स ग्रुप ने 26 मार्च को प्रोजेक्ट कवच की शुरुआत की है जिसमें संक्रमण के सभी पक्षों स्क्रीनिंग, टेस्टिंग, सूचना आदि को शामिल किया गया है।

होटल और होस्टलों में मेडिकल रूम बनाने की तैयारी
चेयरमैन प्रताप सी रेड्डी ने बताया कि ग्रुप जल्द ही प्रोजेक्ट स्टे आई भी लॉन्च करने वाला है। इसमें आइसोलेशन के लिए होटल और होस्टलों में मेडिकल रूम बनाने का प्रावधान है। ये सुविधा चेन्नई,मुंबई, हैदराबाद, कोलकाता, बंगलूरू और दिल्ली में होगी। शुरुआत में हर शहर में 50 बेड होंगे और हर तीन दिन में 50 नए बेड जोड़े जाएंगे। प्रोजेक्ट के तहत पूरे देश में 500 मेडिकल रूम बनाने की योजना है।    

निर्देश : राज्य मरीजों की बढ़ती संख्या के लिए तैयार रहें

देश में मंगलवार रात से 21 दिनों का लॉकडाउन लागू है। इस बीच केंद्र सरकार ने राज्यों को कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों के इलाज के लिए अलग से अस्पताल तैयार रखने का निर्देश दिया है। उन्हें मरीजों की बढ़ती संख्या से निबटने के लिए भी तैयार रहने को कहा गया है।

छत्तीसगढ़ : प्रत्येक जिले को मिलेंगे 100 बेड
छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य के प्रत्येक जिले में 100 बेड उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने शनिवार को उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता की और इस महामारी से लड़ने पर चर्चा की। अब तक राज्य में छह लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं, जबकि 81 लोगों की रिपोर्ट आनी बाकी है।

दुनिया में छह लाख के पार पहुंचे मरीज

विश्व के 6.17 लाख नागरिकों में शनिवार शाम तक संक्रमण मिल चुका है। यह वायरस शनिवार तक 199 देशों में पहुंच गया है और 28.3 हजार लोगों की जान ले चुका है। अमेरिका में सर्वाधिक 1.04 लाख संक्रमित हैं, यानी हर छठा बीमार अमेरिकी है। 86 हजार इटली और 72 हजार के साथ स्पेन में भी संक्रमितों की संख्या एक लाख होने के नजदीक पहंुच चुकी है।
  • 1.37 लाख ठीक हुए, 4.51 लाख अभी सक्रिय
  • 24 हजार गंभीर बीमार, अधिकतर बुजुर्ग।
  • 21 हजार नए मामले, इनमें से 6.5 हजार स्पेन, तीन हजार ईरान व 2.4 हजार जर्मनी में।
विज्ञापन

बैंकों से 53 हजार करोड़ नकदी निकाली, 72 घंटे में 339 मिले

कोरोना के डर से लोग बैंकों से बड़ी मात्रा में नकदी निकाल रहे हैं। रिजर्व बैंक की रिपोर्ट के मुताबिक, बीते पखवाड़े ग्राहकों ने 53 हजार करोड़ रुपये बैंकों से निकाले हैं। सवा साल में यह उच्चतम स्तर है। सामान्य तौर पर ऐसी निकासी चुनाव या त्योहारों पर ही होती रही है।

72 घंटे में 339 मिले
  • 72 घंटों में देश में 339 संक्रमित आए हैं। 25 मार्च तक संख्या 606 थी, जो 1029 पर पहुंच चुकी है। 90 फीसदी से ज्यादा संक्रमित अस्पतालों में हैं।
  • 80 मरीज 14 दिन उपचार के बाद घर गए।
  • निजी लैबों में 400 लोगों ने ही जांच कराई।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें