बीजिंग एयरपोर्ट पर मास्क पहने क्रू सदस्य।
- फोटो : PTI
केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने नागरिकों से कहा है कि अगर जरूरी न हो तो वे दक्षिण कोरिया, ईरान और इटली की यात्रा करने से बचें। बता दें कि इन देशों में कोरोना वायरस के मामले बढ़ने की खबर है।
मंत्रालय ने एक यात्रा परामर्श में कहा है कि 10 फरवरी 2020 के बाद से दक्षिण कोरिया, ईरान और इटली से आ रहे लोगों या वहां यात्रा करने वाले लोगों को भारत पहुंचने पर 14 दिनों के लिए अलग रखा जा सकता है।
कोरोना वायरस के प्रकोप को देखते हुए इससे पहले 22 फरवरी को यात्रा परामर्श जारी किया गया था जिसमें नागरिकों को जरूरी न होने पर सिंगापुर की यात्रा न करने की सलाह दी गई थी। इसमें कहा गया है कि सोमवार से काठमांडू, इंडोनेशिया, वियतनाम और मलेशिया से भारत आ रहे यात्रियों की हवाईअड्डों पर जांच की जा रही है।
अभी चीन, हांगकांग, थाईलैंड, दक्षिण कोरिया, सिंगापुर तथा जापान के यात्रियों की देश में 21 हवाईअड्डों पर कोरोना वायरस को लेकर जांच की जाती है।