देशभर में कोरोना संक्रमितों की तादाद 1100 पहुंच गई है। बीते 24 घंटों में दिल्ली में 23 नए मामले मिले हैं। साथ ही, महाराष्ट्र, केरल, तेलंगाना, गुजरात, जम्मू-कश्मीर, पंजाब और कर्नाटक में एक-एक मरीज ने दम तोड़ दिया। रविवार को 170 नए मरीजों की पुष्टि हुई है। शनिवार तक यह आंकड़ा 945 था। 87 मरीज ठीक हो चुके हैं। वहीं, 28 लोग अब तक जान गंवा चुके हैं।
स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, एक रात में 34 नए केस मिले हैं, सात लोगों की मौत हुई है। मृतकों को हाई ब्लड प्रेशर, डायबिटीज, दिल या किडनी की बीमारी थी। सभी राज्य सचिवों को निर्देश दिए गए हैं कि कोरोना के संदिग्ध या संक्रमित मरीजों से बाकी मरीजों को दूर रखा जाए। सरकार विदेशों से मास्क, वेंटिलेटर व अन्य जरूरी सामान मंगवाने पर काम कर रही है।
महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा 186 पॉजिटिव मिले हैं। महाराष्ट्र में छह, गुजरात में चार, कर्नाटक में तीन, जम्मू-कश्मीर, मध्य प्रदेश, पंजाब, दिल्ली में दो-दो, केरल, तेलंगाना, तमिलनाडु, बिहार, प. बंगाल व हिमाचल में एक-एक मौत हो चुकी है। इस बीच, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह के निवास पर मंत्रियों की बैठक में मौजूदा हालात पर चर्चा की गई। इसमें गृहमंत्री अमित शाह, प्रकाश जावड़ेकर, स्मृति ईरानी भी मौजूद थे।
पीएम रोज 200 लोगों से लेते हैं फीडबैक
लॉकडाउन के दौरान लोगों की राय जानने के लिए पीएम नरेंद्र मोदी रोजाना 200 से ज्यादा लोगों से बात कर रहे हैं। इसमें राज्यपालों, मुख्यमंत्रियों और राज्य के स्वास्थ्य मंत्रियों को किए जाने वाले फोन कॉल शामिल हैं। पीएम डॉक्टरों, नर्सों, स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं व स्वच्छता कर्मचारियों से भी बात करते हैं।
रेलवे पार्सल वैन सेवा शुरू
जरूरी वस्तुओं की आपूर्ति के लिए रेलवे ने पार्सल वैन सेवा फिर से शुरू कर दी है।
अखबारों की आपूर्ति सुनिश्चित कराएं: केंद्र
केंद्र सरकार ने राज्यों के मुख्य सचिवों को पत्र लिखकर आवश्यक वस्तुओं की सप्लाई निर्बाध जारी रखने को कहा है। केंद्रीय गृह सचिव अजय भल्ला ने सभी तरह के माल परिवहन के साथ दूध व किराना, हाइजीन उत्पाद और अखबारों की आपूर्ति जारी रखने के निर्देश दिए हैं।